बाबा मणिराम मेले शुरू, अर्पित किया पहला लंगोट

लोक आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक एकता के प्रतीक बाबा मणिराम मेले का शुभारंभ गुरुवार को धार्मिक उत्साह और प्रशासनिक गरिमा के साथ हुआ.

बिहारशरीफ. लोक आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक एकता के प्रतीक बाबा मणिराम मेले का शुभारंभ गुरुवार को धार्मिक उत्साह और प्रशासनिक गरिमा के साथ हुआ. सात दिवसीय इस मेले की शुरुआत नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बाबा मणिराम की समाधि पर विधिवत पूजा-अर्चना कर पहला लंगोट अर्पित कर की. इस अवसर पर नालंदा पुलिस की ओर से समाधि स्थल पर सशस्त्र सलामी दी गई. डीएम और एसपी ने जिलेवासियों की सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना करते हुए बाबा मणिराम को गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का जीवंत प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि बाबा मणिराम न सिर्फ धार्मिक आस्था के केंद्र हैं, बल्कि सांस्कृतिक एकता के वाहक भी हैं, जिनकी परंपरा आज भी समाज को जोड़ने का कार्य कर रही है. इससे पूर्व जिला एवं पुलिस प्रशासन की अगुवाई में लंगोट यात्रा का आयोजन किया गया. अनुमंडल कार्यालय व नगर थाना परिसर से प्रारंभ हुई यात्रा में अधिकारियों ने लंगोट को थाल में रखकर सिर पर धारण किया और भक्तिमय वातावरण में समाधि स्थल तक पहुंचे. वहां विधि-विधान के साथ पहला लंगोट बाबा को अर्पित किया गया. यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु भी शामिल हुए. 17 जुलाई तक चलने वाले इस मेले में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. परंपरा के अनुसार श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु मन्नत मांगते हैं और पूर्ण होने पर बाबा की समाधि पर लंगोट चढ़ाते हैं. वर्षों से चली आ रही इस आस्था की परंपरा को लेकर लोगों में गहरा विश्वास है. मेले की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात की बेहतरीन व्यवस्था की है. मेले में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है. नगर निगम द्वारा पेयजल, चलंत शौचालय, साफ-सफाई और 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की सुनिश्चित व्यवस्था की गई है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीम, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार केंद्र की स्थापना की गई है. साथ ही, भीड़ प्रबंधन व सतत निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) भी बनाया गया है. इस भव्य आयोजन के दौरान एसडीओ काजले वैभव नितिन, डीएसपी नुरुल हक, नगर थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, सोहसराय थानाध्यक्ष राजमणि, लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक सहित कई अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Santosh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >