Bihar Weather: बिहार में मानसून एक्टिव है. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए हुए हैं. इसके बावजूद लोगों को उमस से राहत नहीं मिल रही है. इसकी बड़ी वजह है पर्याप्त बारिश का नहीं होना. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज राज्य के 13 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. वहीं, बाकी 25 जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.
कहीं बूंदाबांदी तो कहीं धूप-छांव का दौर देखने को मिल सकता है. हालांकि, ज्यादातर जिलों में अच्छी और लगातार बारिश के आसार कम हैं. ऐसे में लोगों को बारिश का इंतजार करने के साथ उमस भरी गर्मी भी झेलनी पड़ सकती है.
13 जिलों में हल्की बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज बिहार के 13 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है. इनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद शामिल हैं.
इन जिलों में कहीं हल्की बारिश हो सकती है तो कहीं सिर्फ बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. कुछ इलाकों में बादल और धूप की आवाजाही भी जारी रहेगी.
पटना में बादल, लेकिन बारिश के आसार कम
पटना में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि, तेज या लगातार बारिश की संभावना कम है.
दिन में धूप निकलने के साथ बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है. इससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और उमस का असर महसूस होगा. शाम के समय स्थानीय स्तर पर बादल बनने के बाद हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
मधेपुरा और समस्तीपुर में हुई बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान मधेपुरा और समस्तीपुर में बारिश दर्ज की गई. वहीं, पटना में हल्के बादल छाए रहे. बादलों के बीच धूप निकलने की वजह से राजधानी में उमस बढ़ गई.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मानसून में बारिश के बाद भी क्यों हो रही उमस?
मानसून के दौरान हवा में नमी काफी बढ़ जाती है. समुद्र और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं बिहार तक पहुंचती हैं. बारिश होने के बाद भी वातावरण में नमी बनी रहती है.
जब तापमान बढ़ता है और हवा में मौजूद नमी बाहर नहीं निकल पाती, तो पसीना जल्दी नहीं सूखता. इसी वजह से शरीर को वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस होती है.
खासकर जब आसमान में बादल हों, लेकिन पर्याप्त बारिश न हो. ऐसे मौसम में धूप और नमी मिलकर चिपचिपी गर्मी का अहसास कराती हैं.
बिहार में अब तक 36% बारिश की कमी
बिहार में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से करीब 36 फीसदी कम बारिश हुई है. बारिश की इस कमी का असर खेती और जलस्तर पर भी पड़ सकता है.
हालांकि, आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है. अगर अच्छी बारिश होती है तो बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है. फिलहाल राज्य के लोगों को अच्छी बारिश के साथ उमस से राहत का इंतजार है.
