बिहार में वज्रपात से 10 लोगों की मौत पर सीएम दुखी, मुआवजे का किया एलान
बिहार में वज्रपात से 10 लोगों की मौत पर सीएम नीतीश कुमार दुखी है. उन्होंने मृतक के परिजनों के लिए चार- चार लाख के मुआवजे का एलान किया है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के नौ जिलों में ठनका से 10 लोगों की मौत हो गयी है. इसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रूपये अविलंब अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश भी दिया है.
पिछले 24 घंटों के दौरान गया में दो, जमुई में एक , औरंगाबाद में एक, बक्सर में एक, कटिहार में एक, नालंदा में एक, लखीसराय में एक, भागलपुर में एक और बांका जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में अविलंब मृतक के परिजनों को अनुग्रह अनुदान दिया जाये. मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें. खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का पालन करें. खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें.