Bihar Teacher Transfer: बिहार में शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है. अब शिक्षक 4 अक्टूबर से सामान्य ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर 4 से 10 अक्टूबर तक आवेदन लिए जाएंगे. पहले यह प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू होनी थी.
शिक्षा विभाग ने बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की स्थिति को देखते हुए तारीखों में बदलाव किया है. विभाग के अनुसार, आपदा के कारण शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया के पहले और दूसरे चरण की गतिविधियों में देरी हुई है. इसी वजह से अब संशोधित समय-सारणी जारी की गई है.
1 अक्टूबर को जारी होगी रिक्तियों की सूची
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 अक्टूबर को स्कूलवार संशोधित रिक्तियों की सूची जारी की जाएगी. इसके बाद शिक्षक अपनी पसंद के स्कूलों का विकल्प चुनकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
शिक्षकों को 4 से 10 अक्टूबर तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर आवेदन करना होगा. आवेदन के दौरान शिक्षक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का विकल्प चुन सकेंगे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
12 अक्टूबर से शुरू होगी अगली प्रक्रिया
सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग सूची तैयार करेगा. सामान्य स्थानांतरण की सूची के प्रकाशन के साथ अपील की प्रक्रिया भी शुरू होगी.
विभाग की संशोधित समय-सारणी के अनुसार, सामान्य स्थानांतरण की सूची के प्रकाशन, अपील और अपीलों के निष्पादन की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से शुरू होगी. यह पूरी प्रक्रिया 18 नवंबर तक पूरी की जाएगी.
बाढ़ के कारण बदला गया कार्यक्रम
शिक्षा विभाग ने बताया कि बिहार में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए सामान्य स्थानांतरण की समय-सारणी में बदलाव किया गया है. पहले सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन 17 सितंबर से शुरू होने थे. अब शिक्षक 4 अक्टूबर से आवेदन कर सकेंगे.
बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है. इसके लिए शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल का इस्तेमाल करना होगा.
