Bihar Teacher News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शेखपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. राज्य में शिक्षकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग पर सीएम सम्राट ने कहा कि उन्होंने आदेश दिया है कि जून में शिक्षकों का ट्रांसफर कर दिया जाए. काफी समय से राज्य के सरकारी स्कूलों के शिक्षक ट्रांसफर का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में यह राहत भरा आदेश शिक्षकों के लिए माना जा रहा है.
ऐसे होगी महिला और पुरुष शिक्षकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग
लोगों को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, जून महीने में महिला शिक्षकों को उनके अपने पंचायत के पास वाले पंचायत में पोस्टिंग मिल जाएगी. साथ ही पुरुष शिक्षकों की पोस्टिंग बगल के ब्लॉक में कर दी जाए. पूरी व्यवस्था उनके घर के पास में रहे. ताकि वे आसानी से अपने घर से स्कूल में जाकर बच्चों को पढ़ायेंगे. इस तरह से सीएम सम्राट ने शिक्षकों को लेकर आदेश विभाग को दे दिया है.
SCERT ने जारी किया था आदेश
इससे पहले शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के हस्तक्षेप के बाद राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया था. परिषद के निदेशक की ओर से जारी लेटर के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न कारणों से ट्रनिंग से वंचित रह गए शिक्षकों को वर्ष 2026-27 में ट्रनिंग लेने का अवसर दिया जाएगा.
ट्रेनिंग में भाग नहीं ले सके शिक्षकों को मौका
जारी निर्देश में कहा गया कि SIR कार्य, विधानसभा चुनाव संबंधी दायित्वों और स्वास्थ्य कारणों से ट्रनिंग में भाग नहीं ले सके शिक्षकों को फिर ट्रेनिंग का अवसर दिया जाएगा. साथ ही 1 जून से 20 जून 2026 तक ग्रीष्मावकाश अवधि में अगर कोई शिक्षक पहले से निर्धारित योजना के तहत मुख्यालय से बाहर रहता है और ट्रेनिंग में शामिल नहीं हो पाता है, तो उसके खिलाफ किसी प्रकार की विभागीय कार्रवाई नहीं की जाएगी.
