Bihar Teacher News: बिहार के सरकारी स्कूलों में जल्द ही शिक्षकों की निगरानी का तरीका पूरी तरह बदल सकता है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि अब शिक्षकों की उपस्थिति और गतिविधियों पर AI के जरिए नजर रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि स्कूल अवधि के दौरान बिना अनुमति स्कूल परिसर से बाहर जाना शिक्षकों को महंगा पड़ सकता है.
शिक्षा मंत्री ने उदाहरण देकर समझाया
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि अगर कोई शिक्षक स्कूल समय में स्कूल परिसर से बाहर जाता है तो उसकी उपस्थिति प्रभावित हो सकती है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई शिक्षक टॉयलेट जाने के लिए भी स्कूल की चहारदीवारी से बाहर जाता है तो उसकी आधे दिन की उपस्थिति प्रभावित हो सकती है. अगर कोई शिक्षक एक घंटे से अधिक समय तक स्कूल से बाहर रहता है तो उसे पूरे दिन की अनुपस्थिति माना जा सकता है.
शिक्षकों से की गई अपील
मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करने की अपील की. उन्होंने कहा कि बिहार के बच्चों का भविष्य शिक्षकों के हाथ में है और सरकारी स्कूलों की पूरी व्यवस्था उनके समर्पण पर निर्भर करती है. मंत्री ने कहा, आप छात्रों को गढ़ने का काम करते हैं. आने वाले बिहार की नींव स्कूलों में रखी जाती है. इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर
शिक्षा मंत्री ने बताया कि विभाग तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दे रहा है. AI आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए शिक्षकों की उपस्थिति, समय पालन और स्कूल में उनकी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी. सरकार का मानना है कि इससे जवाबदेही बढ़ेगी और पढ़ाई का माहौल बेहतर होगा.
शिक्षकों की शिकायतों को लेकर कही ये बात
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को राहत देने वाली घोषणा भी की. उन्होंने कहा कि एसीपी, वेतन विसंगति, प्रोन्नति और अन्य लंबित मामलों का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा. विभाग ने सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया है. इसके तहत 20 दिनों के भीतर शिकायतों का निपटारा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में मामलों का समाधान नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी.
Also Read: NEET परीक्षार्थियों को राहत, इन रूटों पर चलेंगी 9 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, देखिए लिस्ट
