Bihar Sugar Price Hike: बिहार में चीनी की कीमतों में पिछले छह दिनों के दौरान तेज उछाल दर्ज किया गया है. खुदरा बाजार में चीनी का भाव 50 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है. यानी महज छह दिनों में चीनी 20 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है. इससे आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट प्रभावित होने लगा है.
क्या बोले महासचिव
भाव में तेजी का कारण बिहार खुदरा विक्रेता महासंघ के महासचिव रमेश चंद्र तलरेजा ने बताया कि पटना मंडी में चीनी की आपूर्ति उत्तर बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक से होती है. उनके अनुसार कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे गन्ने की कमजोर पैदावार, सूखे की आशंका और बाजार में फैली अफवाहें प्रमुख कारण हैं.
पटना के किराना कारोबारियों का कहना है कि यदि उत्पादन और आपूर्ति की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में चीनी के दाम में और बढ़ोतरी हो सकती है. इससे त्योहारी सीजन के दौरान उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है.
एक नजर पटना में भाव प्रति किलो रुपये में
14 अगस्त : 50
15 अगस्त : 52
16 अगस्त : 55
17 अगस्त : 58
18 अगस्त : 60
19 अगस्त : 65
20 अगस्त : 70
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
400 टन से अधिक चीनी रखने वालों पर होगी कार्रवाई
चीनी के दाम में हो रही वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार ने कालाबाजारियों को चेतावनी दी है. सरकार का कहना है कि राज्य में पर्याप्त चीनी उपलब्ध है. किसी ने भी कृत्रिम अभाव पैदा किया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी.
राज्य के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि चीनी के व्यापारियों के पास 400 टन से अधिक का स्टॉक मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करायी जाएगी. इसकी जांच कराने का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने देश भर के चीनी व्यापारियों पर 1 अगस्त से 400 टन स्टॉक होल्डिंग सीमा लागू की है और यह 30 नवंबर 2026 लागू रहेगा.
गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, समस्तीपुर और सीतामढ़ी के डीएम तथा सभी चीनी मिल संचालकों के पास पत्र भेजकर चीनी मिलों में उपलब्ध चीनी स्टॉक का फिजिकल वेरिफिकेशन कराने और चीनी की बिक्री पर नियंत्रण करने के लिए टीम का गठन कर जांच कराने का निर्देश दिया है.
चीनी की बिक्री के बाद अधिकतम 7 दिन ही स्टॉक अपने परिसर में रख सकेंगे. ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ भी कदम उठाये जायेंगे.
इसे भी पढ़ें: बिहार में अगले 72 घंटे तक जारी रहेगा भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का दौर, IMD का डबल अलर्ट
999 रुपये देकर लगाएं सोलर पैनल, पांच साल में आसान किस्त से चुकाएं पैसा, जानें पूरी योजना
