Bihar Road Infrastructure: बिहार के मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर के लोग अगर सड़कों पर गड्ढों, टूटी सड़क और धूल से परेशान हैं, तो उनके लिए राहत भरी खबर है. आने वाले दिनों में इन तीनों जिलों की 1262 किलोमीटर सड़कों का कायाकल्प होने जा रहा है. इसके लिए सरकार लगभग 1500 करोड़ रुपये खर्च करेगी.
जानकारी के मुताबिक, योजना के तहत मुजफ्फरपुर में सबसे ज्यादा 716 किलोमीटर से अधिक सड़कें सुधारी जाएंगी. इनमें पथ प्रमंडल-एक की 53 सड़कें करीब 577 किलोमीटर और पथ प्रमंडल-दो की 12 सड़कें करीब 139 किलोमीटर शामिल हैं. जबकि सीतामढ़ी की 33 सड़कों के करीब 488 किलोमीटर और शिवहर की सात सड़कों के 57.48 किलोमीटर हिस्से का रिनोवेशन किया जाएगा.
सिर्फ सड़क बनेगी नहीं, 7 साल तक रखरखाव भी
इस योजना की खास बात यह मानी जा रही है कि सड़क बनाने के बाद भी उसकी देखरेख की जाएगी. ओपीआरएएमसी व्यवस्था के तहत संबंधित ठेकेदार को अगले सात साल तक सड़क की मरम्मत और देखरेख करनी होगी. काम शुरू होने पर सबसे पहले सड़कों के गड्ढे भरे जाएंगे. इसके बाद सड़क पर पिचिंग कर उसे बेहतर बनाया जाएगा. ताकि लंबे समय तक लोग उसका बिना किसी परेशानी के इस्तेमाल कर सकें.
इन प्रमुख सड़कों पर भी होगा काम
मुजफ्फरपुर-महुआ स्टेट हाईवे इस योजना की प्रमुख सड़कों में शामिल है. यह सड़क हाजीपुर और पटना जाने वालों के लिए काफी महत्वपूर्ण है. श्रावणी मेले के दौरान भी इस रास्ते पर काफी आवाजाही रहती है. इसके अलावा मुजफ्फरपुर-पूसा रोड, सकरी रोड, तुर्की-पक्की सराय से कच्ची-पक्की रोड, हाथी चौक, लक्ष्मी चौक से दादर और माड़ीपुर पावर हाउस चौक से गोबरसही-डुमरी समेत कई सड़कों को भी सुधारा जाएगा.
कब से शुरू होगा काम?
जानकारी के मुताबिक, फिलहाल टेंडर की प्रक्रिया चल रही है. तकनीकी बीड पर काम हो चुका है, जबकि कुछ टेंडरों पर आई आपत्तियों का निपटारा किया जा रहा है. इसके बाद वित्तीय बीड खुलेगी और प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क निर्माण और मरम्मत का काम शुरू हो सकेगा. तीनों जिलों के लिए यह प्रोजेक्ट बेहद खास मानी जा रही है.
सीतामढ़ी और शिवहर में यहां होगा काम
सीतामढ़ी जिले की बात करें तो, बेलसंड-मीनापुर, परसौनी-रीगा रोड, रीगा मेजरगंज रोड, सोनबरसा एनएच-77, बेलसंड-छितौनी रोड, रीगा रोड और कुम्मा-बेला रोड को शामिल किया गया है. जबकि शिवहर जिले के बसंतपट्टी-कटैया रोड, शिवहर-बेलवाघाट रोड एसएच-54, शिवहर-मीनापुर रोड के साथ एचएच-54 से पिपराही उच्च स्तरीय पुल के ए्रप्रोच पथ पर भी काम किया जाएगा.
Also Read: पटना में गंगा किनारे बने मकानों पर चलेगा बुलडोजर, दो फेज में होगी कार्रवाई, पुलिस बल की मांग
