Bihar Rain Alert: मौसम विभाग की तरफ से आज बिहार के 19 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. इनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, बेगूसराय, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा और गयाजी में येलो अलर्ट जबकि बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
हल्की से मध्यम हो सकती है बारिश
मौसम विभाग की माने तो, इन जिलों में हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और कई जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. इसके अलावा बाकी के जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है. इन जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है.
24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटे की बात करें तो, पटना के कुछ हिस्सों के अलावा जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई. कई जिलों में पूरे दिन बादल छाए रहे. लेकिन इस दौरान उमस वाली गर्मी से लोगों को कुछ खास राहत नहीं मिल सकी. संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकतीं हैं.
धीरे-धीरे बढ़ेगा बारिश का दायरा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, बारिश का दायरा धीरे-धीरे उत्तर और पूर्वी बिहार की तरफ बढ़ सकता है. इससे अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकतर जिलों में बारिश हो सकती है. उत्तर, मध्य और दक्षिण बिहार के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. पटना की बात करें तो, यहां भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
क्या कहना है मौसम वैज्ञानिकों का?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. हाल-फिलहाल में बारिश की गतिविधियां तेज होने की वजह यह बताई गई कि बिहार के आस-पास मॉनसूनी टर्फ एक्टिव है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली पूर्वी हवाएं आ रहीं हैं. इसकी वजह से बिहार के जिलों में बादल बन रहे हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है. आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है.
Also Read: बिहार आरजेडी की सभी जिला और प्रखंड कमेटियां भंग, करारी हार के बाद एक्शन में तेजस्वी यादव
