चंपारण से गया तक मौसम ने मचाई तबाही, भीषण तूफान ने बिहार में ली 20 की जान, अलर्ट जारी

Bihar Rain Alert: बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने से 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. कई जिलों में पेड़, बिजली खंभे और दीवारें गिरने से भारी नुकसान हुआ. सरकार ने मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया.

Bihar Rain Alert: पिछले 24 घंटों में बिहार में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में 20 से ज्यादा लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हुए हैं. अचानक बदले मौसम ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया. पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल रहे. पूर्वी चंपारण में पांच लोगों की मौत हुई. गया जिले में तीन लोगों ने जान गंवाई, जबकि औरंगाबाद में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत दर्ज की गई. पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र में पेड़ गिरने और दीवार ढहने से दो लोगों की जान चली गई.

सीतामढ़ी में बड़ा हादसा

सीतामढ़ी में तेज तूफान के दौरान बिजली का खंभा गिरने से रकीबा खातून और निकहत परवीन नाम की दो महिलाओं की मौत हो गई. गुलाम हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज जारी है. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है.

अन्य जिलों से भी दुखद खबरें

वैशाली में एक, भोजपुर में एक और रोहतास में बिजली गिरने से बलवंत पासवान की मौत हो गई. रोहतास में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं. कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से सड़कें बंद हो गईं और बिजली आपूर्ति बाधित रही.

रेलवे स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

कटिहार रेल मंडल के आजमनगर स्टेशन पर बड़ा हादसा टल गया, जब एक भारी पेड़ की डाल हाईटेंशन तार पर गिर गई. इससे आग लग गई और प्लेटफॉर्म पर धुआं फैल गया. यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. कटिहार-राधिकापुर पैसेंजर ट्रेन करीब एक घंटे तक रुकी रही.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री सचिवालय ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है. मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही राज्य में तूफान, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया था. आने वाले समय में भी मौसम खराब रहने की आशंका है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें: अहमदाबाद-पटना अमृत भारत एक्सप्रेस का भागलपुर तक होगा विस्तार, रेल मंत्री ने दिया ये आदेश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >