Bihar Traffic News: बिहार के कैमूर में मंगलवार को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. यात्री बसों के अव्यवस्थित पार्किग के कारण ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही. भभुआ शहर के एकता चौक, जयप्रकाश चौक और मोहनिया शहर का स्टोअर,गंज बाजार,भभुआ-मोहनिया सड़क पर सुबह से ही भारी जाम की स्थिति देखने को मिली. गाड़ियां सड़कों पर घंटों रेंगती हुई दिखाई दे रही थीं.
जानें क्या वजह हैं भीषण जाम लगने की?
जानकारी अनुसार एकता चौक पर यात्री बसों के खड़े करने और भारी ट्रैफिक के चलते वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही हैं. भारी जाम के बीच गाड़ियां रेंगते हुए अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही थी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि भभुआ शहर में एकता चौक से बसों के खुलने और स्कूल-कॉलेज सहित सिविल कोर्ट के मॉर्निग होने से जाम का नजारा अक्सर लगा रहता है. जाम की स्थिति ऐसी होती है कि स्कूल बस भी रेंगते हुए आगे बढ़ती हैं. आम लोगों की वाहन भी कई घंटों तक एक ही जगह पर खड़ी रहती हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर दिन बसों को गलत पार्क करने की वजह से ऐसी स्थिति बनती है.
ट्रैफिक पुलिस ने जाम पर क्या बताया?
ट्रैफिक को संभालने के लिए सुबह से ही ट्रैफिक थाने की पुलिस तैनात रही. जाम की स्थिति को काबू करने के लिए लगातार ट्रैफिक पुलिस मोर्चा संभाले हुए है. लेकिन सुबह सुबह की भीड़ के चलते एकता चौक और जयप्रकाश चौक पर रोज सुबह 8 बजे तक जाम की स्थिति बनी रहती हैं .
( कैमूर से अमित कुमार सिन्हा की रिपोर्ट )
