Bihar Politics: सम्राट चौधरी के सीएम बनते ही एक के बाद एक अपराधियों का एनकाउंटर किया जा रहा है. रविवार की सुबह ही कुख्यात सोनू कुमार यादव मुठभेड़ में मारा गया. इस कार्रवाई की जमकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सराहना की. उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स के जरिए पोस्ट शेयर कर सीएम सम्राट चौधरी की खूब तारीफ की.
एक्स पर मांझी ने क्या-क्या लिखा?
एक्स पर मांझी ने लिखा, ‘अपराधियों पर सम्राट की पराक्रमी सेना का कहर जारी. चुन-चुन कर जमींदोज किए जा रहें हैं अपराधी. कहा था ना सबका हिसाब होगा. या तो सुधर जाईए या बिहार छोड़ दीजिए. हर अपराध का बदला लेगें बिहार के सम्राट.’ इस तरह से केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सिवान जिले में एनकाउंटर के बाद अपराधियों को चेतावनी देने के साथ-साथ सम्राट मॉडल की तारीफ की.
क्या है मामला ?
रविवार की सुबह सिवान जिले में बीजेपी नेता के भांजे हर्ष कुमार की गोली मारकर हत्या करने वाले कुख्यात अपराधी सोनू यादव का एनकाउंटर किया गया. मृतक सोनू यादव, हुसैनगंज थाना इलाके के सरेया गांव निवासी गरजू यादव का बेटा था. उस पर 25 हजार का इनाम भी था. गोलीकांड के बाद पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी थी. ऐसे में आज मुख्य अपराधी का एनकाउंटर किया गया.
भागलपुर गोलीकांड पर भी दी थी प्रतिक्रिया
इससे पहले भागलपुर में गोलीकांड के बाद अपराधी रामधनी यादव के एनकाउंटर पर जीतन राम मांझी ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी. रामधनी यादव के एनकाउंटर पर मांझी ने एक्स पर लिखा था, ‘सम्राट की पराक्रमी सेना के सामने सिकंदर महान ने भी घुटने टेक दिए थे, तेजस्वी यादव गैंग की क्या हैसियत. अब यह नया बिहार है, यहां गोली का जवाब तोप से दिया जाएगा. वेल डन भागलपुर पुलिस…’
सीएम ने अपराधियों को लेकर दिया था ये बयान
कुछ दिन पहले ही सीएम सम्राट चौधरी ने गयाजी में अपराधियों के पिंडदान को लेकर बयान दिया था. उन्होंने कहा था, अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो कि तेरहवीं से पहले ही उनकी फोटो पर माला चढ़ जाए. लगातार हो रहे एनकाउंटर के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस बयान की चर्चा तेज हो गई है.
Also Read: मेट्रो से जुड़ेगा पटना एयरपोर्ट, 2027 तक बनेगा समग्र उद्यान, जानिए सीएम सम्राट का आदेश
