नीतीश के राज्यसभा जाने से नाखुश आनंद मोहन, बोले- ‘निशांत की एंट्री से बदलेगी राजनीति की रफ्तार’

Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर पूर्व सांसद आनंद मोहन ने खुलकर नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि इस फैसले से जनता खुश नहीं है, वहीं दूसरी ओर उन्होंने निशांत कुमार की राजनीति में संभावित एंट्री का स्वागत करते हुए इसे बदलाव का संकेत बताया है.

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब दिल्ली की राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं, लेकिन उनके इस फैसले ने राज्य के सियासी गलियारों में एक नई बहस को जन्म दे दिया है. पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन ने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने पर गहरी नाराजगी जताई है.

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान आनंद मोहन ने दोटूक लहजे में कहा कि नीतीश कुमार भले ही अपना रास्ता चुन चुके हों, लेकिन बिहार की जनता उनके इस फैसले से कतई खुश नहीं है.

‘जनता खुश नहीं’, नीतीश के फैसले पर सवाल

आनंद मोहन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना जनता की भावनाओं के खिलाफ है. उनका मानना है कि मुख्यमंत्री के रूप में जिन पर जनता ने भरोसा जताया, उनका अचानक दिल्ली जाना लोगों को स्वीकार नहीं होगा. उन्होंने यह भी कहा कि अब नीतीश कहीं भी जा सकते हैं, लेकिन इससे राज्य की राजनीति पर असर जरूर पड़ेगा.

बिहार में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर उठे सवालों पर आनंद मोहन ने कहा कि विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा गया था, इसलिए स्वाभाविक तौर पर उसी दिशा में निर्णय होना चाहिए.उन्होंने यह भी माना कि अब राज्य की राजनीतिक परिस्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और इसके असर आने वाले समय में दिखेंगे.

तेजस्वी पर भी साधा निशाना

राज्यसभा चुनाव में मिली हार को तेजस्वी द्वारा ‘लोकतंत्र की हत्या’ बताए जाने पर आनंद मोहन ने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी के पास अब कोई ठोस विकल्प नहीं बचा है. लगातार चुनावी शिकस्त झेलने के बाद वे हताशा में ऐसे बयान दे रहे हैं.

उन्होंने तेजस्वी को नसीहत देते हुए कहा कि जनता ने उन्हें विपक्ष की जिम्मेदारी दी है, जिसे उन्हें पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए.आनंद मोहन का मानना है कि इस तरह की बयानबाजी से राजद को कोई फायदा नहीं होने वाला है.

निशांत से आएगी नई ऊर्जा

राजनीति में बदलाव की बयार के बीच आनंद मोहन ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने के संकेतों का पुरजोर स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि बिहार को अब युवा नेतृत्व की जरूरत है और निशांत के आने से प्रदेश की राजनीति को एक नई गति और दिशा मिलेगी.

युवा वर्ग के राजनीति में आने से न केवल नए विचार आएंगे, बल्कि पुराने ढर्रे पर चल रही सियासी उठापटक को भी विराम मिलेगा. आनंद मोहन का यह बयान निशांत कुमार के संभावित राजनीतिक भविष्य को लेकर एक बड़ा समर्थन माना जा रहा है.

Also Read: बिहार में आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने किया हमला, जमकर चली गोलियां, एक की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >