Bihar News: बिहार के कोसी क्षेत्र में दशकों पुरानी मांग को पूरा करते हुए केंद्र और राज्य सरकार ने सुपौल के बीरपुर हवाई अड्डे के विकास के लिए हरी झंडी दिखा दी है. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 36.38 करोड़ का बजट उपलब्ध कर दिया गया है और निर्माण के लिए टेंडर भी जारी हो चुका है.
अब कोसी के लोगों को फ्लाइट पकड़ने के लिए दरभंगा या पटना के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि उनके अपने इलाके से आसमान की उड़ान मुमकिन होगी.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा एयरपोर्ट
बीरपुर एयरपोर्ट परियोजना के तहत आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा. इसमें नया टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और फायर स्टेशन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल होंगी. इसके अलावा सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि हवाई संचालन पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रह सके.
यहां एयरपोर्ट बनने से सिर्फ सुपौल ही नहीं, बल्कि सहरसा और मधेपुरा जैसे आसपास के जिलों को भी बड़ा लाभ मिलेगा. सीमावर्ती नेपाल के नागरिकों के लिए भी यह एयरपोर्ट सुविधाजनक साबित हो सकता है.
कोसी बराज और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाएं पहले से मौजूद हैं. एयरपोर्ट बनने से इन संभावनाओं को और मजबूती मिलेगी. बेहतर कनेक्टिविटी के कारण पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है, जिससे स्थानीय कारोबार और पर्यटन उद्योग को भी फायदा होगा-
आपदा के समय बनेगा ‘लाइफलाइन’
कोसी क्षेत्र हर साल बाढ़ की विभीषिका झेलता है. ऐसे में यह हवाई अड्डा केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि आपदा के समय एक ‘लाइफलाइन’ के रूप में काम करेगा. बाढ़ या अन्य आपातकालीन स्थितियों में राहत और बचाव कार्यों के लिए यहां से हेलिकॉप्टरों और छोटे मालवाहक विमानों का संचालन आसानी से किया जा सकेगा.
यह कदम केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ (UDAN) योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य छोटे शहरों को हवाई मार्ग से जोड़ना है.
Also Read: 5 दिनों बाद LPG सिलेंडर की गाड़ी पहुंचते ही दौड़ पड़े लोग, लोगों से की गई ये अपील
