UCC पर अमित शाह के बयान से बिहार NDA में सियासी संग्राम, रामकृपाल यादव बोले- सरकार का फैसला सही

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के UCC लागू करने के बयान ने बिहार की राजनीति में तूफान ला दिया है. एनडीए के भीतर से विरोध की आवाजें उठ रही हैं, खासकर जेडीयू ने स्पष्ट कर दिया है कि वे बिहार में इसे लागू नहीं होने देंगे.

Ram Kripal Yadav speaks on UCC : दानापुर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वर्ष 2029 से पहले भाजपा और भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए शासित 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के बयान के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गयी है. खास बात यह है कि इस मुद्दे पर विरोध की आवाज विपक्ष से ज्यादा एनडीए के भीतर से उठती दिख रही है. बिहार में जदयू की ओर से साफ कहा गया है कि राज्य में यूसीसी लागू करने का सवाल ही नहीं उठता.

जदयू ने बिहार में UCC लागू नहीं होने देने की कही बात

जदयू विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी ने संसद में यूसीसी का समर्थन किया था, लेकिन बिहार में इसे लागू नहीं होने देने की बात भी स्पष्ट रूप से कही गयी थी. ऐसे में अमित शाह के बयान के बाद बिहार में एनडीए के घटक दलों के बीच इस मुद्दे को लेकर मतभेद सामने आते दिख रहे हैं.

रामकृपाल यादव बोले- सरकार का निर्णय सही

इस मामले पर मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार यूसीसी को लेकर प्रतिबद्ध है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने निर्णय लिया है कि अगले तीन वर्षों में एनडीए शासित राज्यों में यूसीसी लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार जो भी निर्णय लेती है, वह सही होता है.

NDA के घटक दलों से बातचीत के बाद होगा फैसला

रामकृपाल यादव ने कहा कि सरकार एनडीए के घटक दलों के साथ बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लेगी. उन्होंने कहा कि इस विषय पर विचार किया जाएगा और जो बेहतर होगा, सरकार उसी के अनुसार फैसला करेगी.

तेजस्वी पर रामकृपाल का पलटवार

पत्रकारों ने जब विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के भाजपा को देश विरोधी पार्टी बताने वाले बयान पर सवाल किया, तो रामकृपाल यादव ने पलटवार किया. उन्होंने भाजपा को देशभक्त और देश के निर्माण में योगदान देने वाली पार्टी बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जिसके कार्यकर्ताओं ने देश के लिए जान न्योछावर की है.

राजद पर परिवारवाद का आरोप

रामकृपाल यादव ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए राजद को परिवारवाद करने वाली पार्टी बताया. उन्होंने राजद नेताओं पर भी प्रहार किया और कहा कि राजद ढकोसला करने और परिवारवाद की राजनीति करने वाली पार्टी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >