Ashok Dham Temple Stampede: बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को बड़ा हादसा हो गया. भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक भगदड़ मच गई. हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
कैसे हुआ अशोक धाम मंदिर में हादसा?
मंदिर के पास एक बिजली का पोल गिरने के बाद वहां अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बनी. इसके बाद लोगों के बीच बिजली का करंट फैलने की बात तेजी से फैल गई. इस वजह से श्रद्धालुओं में डर पैदा हुआ और लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे.
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पोल गिरने के बाद यह अफवाह फैल गई कि वहां बिजली गिर गई है. इसी अफवाह के कारण भीड़ में घबराहट बढ़ी और भगदड़ की स्थिति बन गई.
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. हादसे के पूरे कारण की जांच की जा रही है. इसलिए घटना के पीछे किसी एक कारण को अंतिम वजह मानना अभी जल्दबाजी होगी.
दो ट्रेनों के आने से अचानक बढ़ गई थी भीड़
अशोक धाम मंदिर के पास रेलवे हॉल्ट भी है. अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय दो ट्रेनों के आने से श्रद्धालुओं की संख्या अचानक काफी बढ़ गई थी. सावन सोमवार होने के कारण पहले से ही मंदिर में भारी भीड़ थी. भीड़ बढ़ने के बाद स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक भगदड़ के दौरान बैरिकेडिंग भी टूट गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए.
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई. बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों को खोजने लगे. कई श्रद्धालु घबराकर इधर-उधर भागने लगे. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. प्रशासन की टीम ने मौके पर राहत और बचाव का काम शुरू किया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
ज्यादातर मृतक महिला श्रद्धालु
हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकतर महिलाएं थीं. शुरुआती तौर पर कुछ मृतकों की पहचान भी सामने आई है. अधिकारियों और पुलिस की ओर से मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. हादसे पर बिहार सरकार ने दुख जताया है. मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है. साथ ही घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं.
इसे भी पढ़ें: विधायक बने प्रशांत किशोर, विधानसभा अध्यक्ष ने दिलाई शपथ, PK ने किए थे ये 4 ऐलान
