बिहार के चर्चित IPS अफसर पर पत्नी के गंभीर आरोप, बोलीं- 6 साल की बेटी को छीना, IPS मेस में कमरे में किया कैद

IPS Bhanu Pratap Singh: बिहार के चर्चित IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह पर उनकी पत्नी पूजा ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि 6 साल की बेटी को उनसे अलग कर दिया गया और उन्हें पटना के IPS मेस में कमरे के अंदर बंद रखा गया.

IPS Bhanu Pratap Singh: खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह पर उनकी पत्नी पूजा ने गंभीर आरोप लगाए हैं. पूजा का दावा है कि उन्हें अपने पति की वजह से मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है. उनका आरोप है कि उनकी 6 साल की बेटी को भी उनसे दूर कर दिया गया है.

पूजा ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पटना स्थित आईपीएस मेस के एक कमरे में बाहर से ताला लगाकर रखा गया. कमरे के बाहर दो महिला सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई थी. उनका कहना है कि इसका मकसद उन्हें मीडिया के सामने आने से रोकना था.

डिप्रेशन में चली गई थीं, 6 दिन पहले पी लिया था फिनाइल

पूजा के मुताबिक, लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण वह गहरे डिप्रेशन में चली गई थीं. इसी दौरान करीब छह दिन पहले उन्होंने फिनाइल पी लिया था. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें पटना के आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार हुआ.

पूजा का आरोप है कि स्वस्थ होने के बाद वह अपने पति से मिलने उनके पोस्टिंग स्थल स्थित सरकारी आवास पहुंचीं. वहां उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई. उन्होंने दावा किया कि उन्हें वहां से वापस भेज दिया गया.

‘अब अपने साथ नहीं रखना चाहते’

पूजा का आरोप है कि उनके पति अब उन्हें अपने साथ नहीं रखना चाहते. उनका कहना है कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि दोनों ने वर्ष 2016 में प्रेम विवाह किया था. उस समय भानु प्रताप सिंह आईपीएस अधिकारी नहीं थे.

‘शादी के समय जेब में एक रुपया तक नहीं था’

पूजा के मुताबिक, शादी के समय भानु प्रताप सिंह आर्थिक रूप से काफी संघर्ष कर रहे थे. उनके पास पैसे नहीं रहते थे. उन्होंने कहा कि शादी के बाद भानु प्रताप ने कड़ी मेहनत की और करीब चार साल बाद यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस बने.

पूजा का दावा है कि आज उनके पति अधिकारी बन चुके हैं, लेकिन अब उन्हें अपनी जिंदगी से अलग करना चाहते हैं.

पूजा ने यह भी कहा कि उनके पति और परिवार की ओर से उन पर बच्ची को जहर देने की कोशिश का आरोप लगाया जाता है. हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

कौन हैं IPS भानु प्रताप सिंह?

भानु प्रताप सिंह बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. वह उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी के रहने वाले हैं. उन्होंने हिंदी साहित्य में मास्टर्स किया है. इसी विषय के साथ यूपी पीसीएस और यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की. बताया जाता है कि वर्ष 2018 से 2020 के बीच उन्होंने लगातार तीन बार यूपीएससी की कठिन परीक्षा पास की.

मुजफ्फरपुर में टाउन ASP रहते हुए मिली पहचान

ट्रेनिंग के बाद भानु प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण पोस्टिंग मुजफ्फरपुर में टाउन एएसपी के तौर पर हुई. इस दौरान उन्होंने सड़क पर गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की. उनके सख्त पुलिसिंग स्टाइल की वजह से उनकी पहचान एक कड़े अधिकारी के रूप में बनी. इसी दौरान उन्हें लेकर ‘लाठीचार्ज एक्सपर्ट’ जैसे नाम भी चर्चा में आए.

बाहुबली के भाई पर कार्रवाई से भी आए चर्चा में

दानापुर में एएसपी रहते हुए भानु प्रताप सिंह कई पुलिस कार्रवाइयों को लेकर चर्चा में रहे. इनमें दिसंबर 2024 की एक कार्रवाई भी शामिल है. इस दौरान बाहुबली विधायक रीतलाल यादव के भाई पिंकू यादव पर पुलिस ने कार्रवाई की थी. बताया गया कि पुलिस के दबाव के बाद उन्होंने आत्मसमर्पण किया. इस कार्रवाई के बाद भानु प्रताप सिंह की सख्त और निडर अधिकारी की छवि और मजबूत हुई.

Also Read: बिहार में बारिश कम, फिर भी क्यों उफन रहीं गंगा-गंडक और कोसी? नदियों में कहां से आ रहा इतना पानी, समझिए पूरा खेल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >