बिहार के फेमस IPS पर पत्नी का आरोप- भानु प्रताप ने मुझे रात 12 बजे भगाया, फिर लव मैरिज की, अब तलाक के लिए बना रहे दबाव

IPS Bhanu Pratap Singh Wife Controversy: लव मैरिज से शुरू हुई एक कहानी अब पति-पत्नी के विवाद तक पहुंच गई है. बिहार के चर्चित IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पूजा का दावा है कि भानु प्रताप रात 12 बजे उन्हें भगाकर शादी किए. अब वह आरोप लगा रही हैं कि पति उन पर तलाक के लिए दबाव बना रहे हैं और उनकी छह साल की बेटी को भी उनसे दूर कर दिया गया है.

IPS Bhanu Pratap Singh Wife Controversy: एक प्रेम कहानी, जिसने शादी का रूप लिया. पति के संघर्ष के दिनों में साथ निभाने का दावा. फिर पति का IPS अधिकारी बनना और इसके बाद रिश्ते में कथित कड़वाहट. अब वही पत्नी अपने परिवार को दोबारा साथ लाने की गुहार लगा रही है.

खगड़िया के SP और IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा ने प्रभात खबर से एक्सक्लूसिव बातचीत में अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. पूजा का दावा है कि वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रही हैं. उनका आरोप है कि उनकी छह साल की बेटी को भी उनसे दूर कर दिया गया है.

पूजा ने प्रभात खबर रिपोर्टर रोहित वर्मा से बातचीत में अपनी शादी, पति के साथ रिश्ते में आई दूरी, घर से निकाले जाने और तलाक के लिए कथित दबाव की पूरी कहानी बताई. उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा सिर्फ इतनी है कि उनका पति और बेटी उन्हें वापस मिल जाएं.

लव मैरिज से शुरू हुई थी कहानी, पति के संघर्ष में साथ देने का दावा

पूजा के मुताबिक, उन्होंने भानु प्रताप सिंह के साथ लव मैरिज की थी. उस समय दोनों ने मिलकर अपना जीवन शुरू किया था.

पूजा का कहना है कि शादी के करीब चार साल बाद उनके पति IPS बने. उन्होंने पति के संघर्ष के दिनों में उनका साथ दिया. अब पूजा का सवाल है कि जब दोनों ने साथ मिलकर जिंदगी शुरू की थी, तो आज उन्हें परिवार से अलग क्यों किया जा रहा है.

पूजा का दावा- रात 12 बजे भानु मुझे भगाकर लाए

अपनी शादी की कहानी बताते हुए पूजा ने मायके की नाराजगी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनकी लव मैरिज से उनका भाई उनसे बात नहीं करता है.

पूजा का दावा है कि एक रात करीब 12 बजे भानु प्रताप सिंह और उनके जीजा ने उन्हें घर से भगाकर लाए और इसके बाद दोनों ने शादी की थी. उनके मुताबिक, इसी वजह से उनके मायके वाले भी उनसे नाराज रहते हैं.

अब पूजा का आरोप है कि जिस रिश्ते के लिए उन्होंने परिवार से दूरी बनाई, वही रिश्ता आज टूटने की कगार पर पहुंच गया है.

‘बच्ची को वो लेकर चले गए, मैं पटना से खगड़िया पहुंची’

पूजा ने बताया कि उनकी छह साल की बेटी को भानु प्रताप सिंह अपने साथ लेकर चले गए. इसके बाद वह पटना से खगड़िया स्थित SP आवास पहुंचीं.

उनका आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद भी उन्हें अपनी बेटी से मिलने नहीं दिया गया. पूजा का कहना है कि उनके पीछे उनकी बेटी को खगड़िया लाया गया, लेकिन उन्हें बच्ची से मिलने का मौका नहीं मिला.

पूजा के मुताबिक, वह अपनी बेटी से मिलने के लिए लगातार कोशिश कर रही हैं. उनका दावा है कि पति अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी उनसे मिलने नहीं आए.

‘रक्षा बंधन पर फोन किया तो कहा- अब हमारा साथ यहीं तक है’

पूजा ने बताया कि रक्षा बंधन के मौके पर उन्होंने अपने पति को फोन किया था. उनके मुताबिक, उस समय भानु प्रताप सिंह की बहन और जीजा उनके पास आए थे. पूजा का दावा है कि फोन पर पति ने उनसे कहा, ‘तुम मत आओ, अब हमारा साथ यहीं तक है. पूजा के अनुसार, पति की यह बात सुनकर वह और ज्यादा टूट गईं.

तलाक के लिए दबाव का भी लगाया आरोप

पूजा से जब पूछा गया कि क्या उन पर तलाक लेने का दबाव बनाया जा रहा है, तो उन्होंने इसका जवाब हां में दिया. उनका आरोप है कि पति उनसे कहते हैं, ‘तुम डाइवोर्स दे दो, जितना पैसे चाहिए तुम ले लो.’

पूजा का कहना है कि उन्होंने पति से पूछा कि आखिर वह ऐसा क्यों कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह नमक-रोटी खाकर रह लेंगी. अचार-रोटी खाकर भी गुजारा कर लेंगी. लेकिन वह अपना परिवार टूटते हुए नहीं देखना चाहतीं.

‘वो कहते हैं- दुनिया की किसी भी दूसरी औरत के साथ रह लूंगा’

जब पूजा से पूछा गया कि क्या उनके पति दूसरी शादी करना चाहते हैं, तो उन्होंने पति के कथित बयान का जिक्र किया.

पूजा का दावा है कि भानु प्रताप सिंह उनसे कहते हैं, ‘मैं दुनिया की किसी भी दूसरी औरत के साथ रह लूंगा, लेकिन तुम्हारे साथ नहीं रहूंगा.’ हालांकि, यह पूजा की ओर से लगाया गया आरोप है. इसकी स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

मानसिक प्रताड़ना का आरोप, कहा- ‘कूट डालने का मन करता है’

पूजा ने अपने पति पर मानसिक प्रताड़ना के भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि भानु प्रताप सिंह उनसे कहते थे, ‘मुझे मन करता है तुम्हें आकर कूट डालूं.’पूजा का यह भी आरोप है कि उन्हें छत से कूदने और जहर खाने जैसी बातें कही जाती थीं.

उन्होंने कहा, ‘वो कहते हैं कि छत से कूद जाओ तुम, जहर खा लो. फिर मुझे बाथरूम में जो मिला, मैंने पी लिया.’ पूजा के मुताबिक, लगातार तनाव के कारण वह डिप्रेशन में चली गई थीं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

मानसिक तनाव के बीच फिनाइल पीने का दावा, IGIMS में भर्ती हुईं

पूजा ने बताया कि करीब छह दिन पहले मानसिक तनाव के बीच उन्होंने फिनाइल पी लिया था. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें पटना के IGIMS में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ. पूजा का दावा है कि इस घटना के पीछे लंबे समय से चल रहा मानसिक तनाव था.

उन्होंने कहा, ‘मैंने पॉइजन खाया... मैं परेशान हूं. मुझे मेरी बेटी से मिलवा दीजिए. मुझे मेरा सुखी परिवार चाहिए.’

‘मैं परिवार नहीं तोड़ना चाहती, मुझे पति और बच्ची चाहिए’

पूजा की बातों में सबसे ज्यादा जोर अपने परिवार को बचाने पर रहा. उन्होंने कहा कि वह किसी तरह का विवाद नहीं चाहतीं. उनकी मांग साफ है. वह अपने पति और बेटी दोनों को वापस चाहती हैं. पूजा ने कहा, ‘मुझे मेरे पति और बच्ची मिल जाएं, बस यही चाहिए. मेरे सामने उनको बुलाया जाए, मुझे बस यही चाहिए.’

कौन हैं IPS भानु प्रताप सिंह?

भानु प्रताप सिंह बिहार कैडर के IPS अधिकारी हैं. वह उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी के रहने वाले हैं. उन्होंने हिंदी साहित्य में मास्टर्स किया है.

इसी विषय के साथ उन्होंने यूपी PCS और UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की. बताया जाता है कि वर्ष 2018 से 2020 के बीच उन्होंने लगातार तीन बार UPSC की कठिन परीक्षा पास की.

अब उनकी पत्नी के लगाए आरोपों के बाद दोनों के निजी रिश्ते से जुड़ा विवाद चर्चा में है. पूजा की पूरी कहानी का केंद्र उनकी वही लव मैरिज है, जिसे वह अब भी बचाना चाहती हैं. हालांकि इस मामले पर प्रभात खबर की टीम भानु प्रताप सिंह का भी पक्ष जानने का लगातार प्रयास कर रही है. अभी बात नहीं हो सकी है.

Also Read: Prabhat Khabar Exclusive: बिहार के चर्चित IPS की पत्नी ने किए कई खुलासे, कहा-मेरे पति ने मेरी बेटी को मुझसे दूर कर दिया, मैंने जहर खा लिया फिर भी...

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >