Bihar Heli Tourism: पटना को आसमान से देखने के लिए लोग एक्साइटेड हो रहे हैं. बुकिंग शुरू होने के दूसरे ही दिन 18, 19, 25 और 26 जुलाई की सभी ऑनलाइन सीटें फुल हो गईं. लगभग 80 पर्यटकों ने एयर राइड के लिए सीटें बुक करा ली हैं. बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए आने वाले दिनों की बुकिंग भी तेजी से भरने की उम्मीद है.
इन जगहों के लिए सीटें नहीं हो पा रहीं बुक
जानकारी के मुताबिक, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर में सीटें फिलहाल बुक नहीं हो पा रही है. आधिकारिक वेबसाइट पर न तो पैकेज दिख रहा है और ना सीटें बुक हो पा रही हैं. पर्यटन विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक उदयन मिश्रा ने बताया कि कैमूर, राजगीर और वाल्मीकिनगर के लिए पैकेज की सुविधा है. शायद लोग पैकेज नहीं लेना चाहते हैं, इसलिए सीटें बुक नहीं हो पा रही हैं. भविष्य में पर्यटकों की मांग पर पैकेज को रियायती दरों में लाया जा सकता है.
जानिए उड़ान की टाइमिंग
18 जुलाई से बिहार में हेलिकॉप्टर से पटना, राजगीर, कैमूर और वाल्मीकिनगर के लिए पर्यटन की सेवा शुरू की जा रही है. पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर (करमचट डैम हेलिपैड)-पटना हेलीकॉप्टर सेवा भी हर शनिवार और रविवार को संचालित की जायेगी.
राजगीर के लिए सुबह 9:30 बजे प्रस्थान और 10:30 बजे वापसी, जबकि कैमूर के लिए सिबह 11:00 बजे प्रस्थान और दोपहर 12:45 बजे तक वापसी का समय निर्धारित है. इन दोनों मार्गों पर हर सप्ताह 10-10 सीटों की क्षमता निर्धारित है.
10 मिनट का होगा सफर
टिकट बुकिंग के साथ इस रोमांचक हेली जॉय राइड की शुरुआत 13 जुलाई को की गई थी, जिसका संचालन बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम कर रहा है. फिलहाल यह सेवा केवल 18 जुलाई से शनिवार और रविवार (वीकेंड) को उपलब्ध है.
हर रोज टोटल चार उड़ानें संचालित की जायेंगी और एक उड़ान में अधिकतम पांच यात्री ही सफर कर सकते हैं. लगभग 10 मिनट की हवाई सैर का मकसद लोगों को पटना का एक अलग दृश्य दिखाना और राज्य में पर्यटन को नयी ऊंचाइयों पर ले जाना है.
पहले फेज का शेड्यूल और किराया
पर्यटन विभाग के अनुसार, हेली टूरिज्म योजना का पहला फेज 18 जुलाई 2026 से 15 जनवरी 2027 तक संचालित किया जायेगा. इसमें तीन प्रमुख धार्मिक, प्राकृतिक और इको-टूरिज्म जगहों को जोड़ा गया है. पटना-वाल्मीकिनगर सेक्टर के लिए राज्य सरकार के राजकीय विमान का उपयोग होगा, जबकि पटना-कैमूर और पटना राजगीर मार्ग पर किराए के हेलीकॉप्टर चलेंगे.
Also Read: बिहार पुलिस को मिली चमचमाती हाईटेक गाड़ियां, CM सम्राट चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
