Bihar Heavy Rain Alert: बिहार में आज से धीरे-धीरे मॉनसून एक्टिव होने वाला है. मौसम विभाग की ओर से पूरे बिहार में आज अलर्ट जारी किया गया है. कहीं येलो अलर्ट तो कहीं ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही 14 जिलों में हीट वेव जैसी स्थिति भी रह सकती है. जबकि सीमांचल के 6 जिलों में झमाझम बारिश का दौर देखे जाने की संभावना है.
इन 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग की ओर से जिन 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार है. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. इसके अलावा बाकी के सभी जिलों में बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है. लेकिन उमस वाली गर्मी से अभी राहत मिलने की संभावना नहीं है.
इन 14 जिलों में हीट वेव जैसी रहेगी स्थिति
मौसम विभाग की ओर से 14 जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है. इनमें ज्यादातर जिले दक्षिण बिहार के हैं. विभाग ने बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगुसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, गया, औरंगाबाद, कैमूर और रोहतास जिले में हीट वेव जैसी स्थिति रहने की संभावना जताई है. लेकिन इन जिलों में भी बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है. मौसम विभाग ने दो तरह का मौसम रहने की आशंका जताई है.
बिहार में क्यों है दो तरह का मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो, उत्तर बिहार के साथ-साथ सीमांचल में बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवा पहुंच रही है, इसकी वजह से बारिश की संभावना बन रही है. जबकि मध्य और दक्षिण बिहार के जिलों में अब भी गर्म और शुष्क हवाओं का असर है, जिससे उमस महसूस हो रही. लेकिन उत्तर बिहार से पूर्वी बिहार तक ट्रफ रेखा बनी है. अगले कुछ दिनों में दक्षिण बिहार में भी मॉनसून पूरी तरह एक्टिव हो सकता है.
Also Read: भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप ने अक्षिता राज संग वाराणसी में रचाई शादी, पवन सिंह भी पहुंचे
