Bihar Election 2020: तीन चरणों में हो रहे बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरण पूरे हो चुके हैं, इसके साथ ही अब सभी की निगाहें तीसरे चरण पर हैं. वहीं 7 नवबंर को होने वाले तीसरे चरण के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी बिहार में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं. इसी कड़ी में बुधवार को रक्षा मंत्री ने मुजफ्फरपुर की एक चुनावी जनसभा में राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला है.
मुजफ्फरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत-चीन सीमा तनाव पर राहुल गांधी जो मन आता है बोलते हैं, कहते हैं चीन ने आकर भारत की ज़मीन पर कब्जा कर लिया. कांग्रेस नेता पर हमला करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं खुलासा नहीं करना चाहता क्या हुआ है 1962 से लेकर-2013 तक…खुलासा कर दूंगा तो लोगों के सामने राहुल गांधी चेहरा दिखाना मुश्किल हो जाएगा.
वहीं पाकिस्तान को खरी-खरी सुनाते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को इस बात को समझ लेना चाहिए कि पूरा PoK भारत का था और आज भी हम PoK को भारत का मानते हैं और आगे भी PoK भारत का ही रहेगा। ये हमारी संसद का प्रस्ताव है. बता दें कि तीन चरणों में हो रहे बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरण पूरे हो चुके हैं. अब 76 सीटों पर 7 नवंबर को मतदान के साथ ही यह चरण भी पूरा होगा. इसके बाद 10 नवंबर को मतगणना के बाद चुनावी नतीजे जारी किए जाएंगे.
