कोसी के विश्वकर्मा बने Deputy CM, 1990 से रहा अजेय सफर, अब सत्ता के शिखर पर बिजेंद्र प्रसाद यादव

Bihar Deputy CM Oath: बिहार की नई सरकार के गठन के साथ एक अनुभवी और भरोसेमंद चेहरा सत्ता के केंद्र में पहुंच गया है. बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है और वे विजय कुमार चौधरी के साथ ग्रहण किया. सुपौल से 1990 से लगातार विधायक रहे यादव का यह सफर उन्हें बिहार की राजनीति का सबसे मजबूत स्तंभ बनाता है.

Bihar Deputy CM Oath: बिहार की सियासत में चेहरे बदलते हैं, गठबंधन बदलते हैं, लेकिन एक नाम जो पिछले साढ़े तीन दशकों से अडिग खड़ा है, वह है बिजेंद्र प्रसाद यादव. सूबे में नई सरकार के गठन के साथ ही जेडीयू के इस कद्दावर नेता को उपमुख्यमंत्री की कमान सौंपी गई है.

सुपौल की धरती से लगातार आठ बार विधानसभा पहुंचने वाले बिजेंद्र यादव का डिप्टी सीएम बनना केवल एक पद की प्राप्ति नहीं, बल्कि उनके उस अजेय सफर का सम्मान है जिसने कोसी अंचल की राजनीति की दिशा तय की है.

जेपी आंदोलन की उपज

बिजेंद्र प्रसाद यादव की राजनीतिक जड़ें 1974 के जेपी आंदोलन में समाहित हैं. छात्र राजनीति से मुख्यधारा में आए बिजेंद्र यादव ने 1990 में पहली बार चुनावी मैदान में कदम रखा और तब से पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सरकारों में ऊर्जा राज्य मंत्री के रूप में अपनी प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवाया.

2005 में जब नीतीश कुमार ने बिहार की सत्ता संभाली, तब बिजेंद्र यादव जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष थे. उनके संगठनात्मक कौशल और नीतीश कुमार के प्रति अटूट वफादारी ने उन्हें मुख्यमंत्री का सबसे करीबी सलाहकार बना दिया.

चुनावी रिकॉर्ड ऐसा कि दिग्गज भी रह गए हैरान

बिजेंद्र यादव को राजनीति का वह खिलाड़ी माना जाता है जो हर पिच पर छक्का मारना जानता है. 1990 से लेकर 2025 तक, उन्होंने न केवल कांग्रेस और राजद के दिग्गजों को धूल चटाई, बल्कि बीजेपी के साथ गठबंधन न होने पर उनके प्रत्याशियों को भी भारी मतों से पराजित किया.

कोसी की जनता का उन पर भरोसा आज भी कायम है. यही कारण है कि उन्हें प्यार से कोसी का विश्वकर्मा कहा जाता है, जिन्होंने इलाके में बिजली और बुनियादी ढांचे का जाल बिछाने में अहम भूमिका निभाई.

ऊर्जा पुरुष से उप-मुख्यमंत्री की नई भूमिका

बिजेंद्र प्रसाद यादव को बिहार का ऊर्जा पुरुष कहा जाता है. नीतीश सरकार में बिजली के क्षेत्र में जो क्रांतिकारी बदलाव आए, उसके पीछे उनकी दूरदर्शिता रही है. अब बतौर डिप्टी सीएम, उनके कंधों पर न केवल ऊर्जा विभाग बल्कि राज्य के विकास का बड़ा रोडमैप तैयार करने की जिम्मेदारी होगी.

अनुभव की इस पाठशाला से निकले बिजेंद्र यादव का नया अवतार बिहार एनडीए सरकार के लिए एक मजबूत स्तंभ साबित होगा. उनके शपथ ग्रहण के साथ ही कोसी क्षेत्र में जश्न का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि विश्वकर्मा अब पूरे बिहार के विकास को नई ऊंचाई देंगे.

Also Read: बिहार में नई सरकार का फॉर्मूला तैयार, सम्राट चौधरी के साथ दो उपमुख्यमंत्री लेंगे शपथ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >