पटना से मनोज कुमार की रिपोर्ट
Bihar Challan News: बिहार में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें सफलता मिली. राज्यभर में चलाए गए इस व्यापक अभियान के दौरान कुल 86 हजार 308 गाड़ियों की जांच की गई. इस चेकिंग के दौरान पुलिस को अपराधियों की धर पकड़ में कामयाबी हासिल हुई है. विशेष चेकिंग अभियान 16 मई से 20 जून तक राज्य के सभी प्रमुख चौराहों, हाईवे और संवेदनशील रूटों पर चलाया गया था.
अपराधियों और वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान विभिन्न जिलों से कुल 819 वांटेड अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. ये ऐसे शातिर अपराधी हैं, जो लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे. इसके अलावा, न्यायालय की ओर से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर 375 वारंटियों को भी दबोचा गया है.
बड़े पैमाने पर की गई जब्ती
इस एक महीने से अधिक समय तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पाए गए 91 गाड़ियों को जब्त कर लिया है. इसके साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और बिना उचित डॉक्यूमेंट्स के चलने वाले 8,604 गाड़ियों का चालान किया गया. इस पूरी कार्रवाई के तहत पुलिस ने गाड़ी मालिकों से कुल 1 करोड़ 24 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है.
अवैध हथियारों और भारी मात्रा में नशे की खेप बरामद
सुरक्षा के लिहाज से इस अभियान की सबसे बड़ी कामयाबी अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की बरामदगी रही. चेकिंग के दौरान गाड़ियों से 16 अवैध हथियार और 49 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इससे किसी बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया. इसके साथ ही, सूबे में नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा और अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किए हैं.
Also Read: भरत तिवारी का एनकाउंटर उसी की प्लानिंग का था हिस्सा, फेसबुक लाइव में कहा था- सब मेरे जाल में फंसे
