Bihar Bus Service: (पटना से प्रह्लाद कुमार की रिपोर्ट)
बिहार के आम यात्रियों और स्कूली बच्चों के लिए परिवहन व्यवस्था से जुड़ी राहत भरी खबर है. आम यात्रियों को सरकारी और निजी बस के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा. अब ऐप के माध्यम से कोई भी यात्री बीएसआरटीसी बसों की लाइव ट्रैकिंग, बसों की वर्तमान स्थिति, ई-टिकटिंग और अन्य सेवाओं के बारे में जानकारी ले सकेगा. इस नई व्यवस्था से लोगों को सहूलियत होगी.
स्कूल बस की भी कर सकेंगे लाइव ट्रैकिंग
जानकारी के मुताबिक, सरकारी और निजी स्कूलों में चलने वाली बसों की भी लाइव ट्रैकिंग ऐप के माध्यम से कर पायेंगे. ऐप के माध्यम से कोई भी पेरेंट बसों की लाइव लोकेशन देख सकेंगे. अधिकारियों के मुताबिक, पहले से चलने वाले ‘चलो ऐप’ की व्यवस्था खत्म हो गई है और अब ‘वेयर इज माई बस’ ऐप को लाया जा रहा है.
निजी बसों के यात्रियों को होगी सहूलियत
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, बिहार में निजी बसों के लोकेशन को ट्रैक करने की कोई व्यवस्था नहीं है. किसी व्यक्ति को अगर बीच रास्ते में बस पकड़ना हो तो, बस कितनी दूरी पर है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाती है. इससे यात्रियों को परेशानी होती है. लेकिन ऐप के बाद निजी सभी बसों के लोकेशन को ट्रैक करना आसान होगा. सभी बसों के रजिस्ट्रेशन और फिटनेस की निगरानी करने में भी सहूलियत होगी.
स्कूली बसों को भी ऐप से जोड़ा जायेगा
परिवहन विभाग के मुताबिक, स्कूल बस प्रबंधन प्रणाली पोर्टल और ‘वेयर इज माई बस’ ऐप से जोड़ा जायेगा, ताकि बसों से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के पेरेंट घर बैठे अपने बच्चों के बस की लोकेशन जान पायेंगे. इस ऐप में बसों की पूरी जानकारी रहेगी. साथ ही इसके जरिये बसों का रजिस्ट्रेशन और लोकेशन ट्रैकिंग करने में आसानी होगी. इसको लेकर जिलों में जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारी स्कूल प्रबंधन के साथ जल्द ही बैठक करेंगे.
