Bihar Breaking News Live: दरभंगा में आभूषण व्यवसायी से लूट, अपराधियों ने 12.48 लाख के जेवरात लूटे

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को...

Live Updates
10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

बदमाश ने मांगी दो लाख रंगदारी, केस दर्ज

पटना. मुसल्लहपुर महावीर लेन निवासी सूरज कुमार ने निरंजन पटेल उर्फ भोकाली पर दो लाख की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए पीरबहोर थाने में केस दर्ज करा दिया है. सूरज ने पुलिस को जानकारी दी है कि उन्हें भोकाली ने कॉल करके दो लाख की रंगदारी मांगी और नहीं देने पर घर पर चढ़ कर गोली मारने की धमकी दी. भोकाली पहले पटेल छात्रावास में रहता था. इधर, पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

विक्रमशीला एक्सप्रेस ट्रेन से बदमाशों ने बैग कर दिया गायब

पटना. आनंद विहार टर्मिनल से भागलपुर आ रही विक्रमशिला एक्सप्रेस में बेगूसराय के सिंधौल निवासी राजेश कुमार का बैग पटना जंक्शन पर बदमाशों ने गायब कर दिया. उस बैग में लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, 25 हजार नकद, एटीएम कार्ड व अन्य सामान था. इस संबंध में उन्होंने पटना जंक्शन जीआरपी में मामला दर्ज करा दिया है.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

दरभंगा से अजमेर तक चलेंगी एक जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें

पटना. आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. सीतामढ़ी, रक्सौल, गोरखपुर, मथुरा, जयपुर के रास्ते दरभंगा और दौराई (अजमेर) बीच एक जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेन नंबर 05537/05538 दरभंगा-दौराई-दरभंगा पूजा स्पेशल ट्रेनें चलायी जायेंगी. ये पूजा स्पेशल ट्रेन दरभंगा से सात अक्टूबर से नौ दिसंबर तक प्रत्येक शनिवार को और दौराई से आठ अक्तूबर से 10 दिसंबर तक प्रत्येक रविवार को खुलेगी.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

दरभंगा में आभूषण व्यवसायी से अपराधियों ने 12.48 लाख के जेवरात लूटे

दरभंगा जिले के बिरौल में आभूषण व्यवसायी से अपराधियों ने 12.48 लाख के जेवरात लूटे. व्यवसायी ने बताया कि लूटे गये जेवरात में करीब 10 लाख का सोना, 8 किलो चांदी के जेवरात समेत दिन भर की बिक्री के नगद 6हजार रुपया लूट कर भाग गया.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

सोन नदी में मछली मारने गये युवक की डूबने से मौत

कलेर. अरवल जिले के जिले के परासी थाना क्षेत्र के मसदपुर स्थित सोन नदी में मछली मारने के दरम्यान एक युवक की नदी में डूबकर मौत हो गई. मृतक की पहचान दीना चौधरी ग्राम मसदपुर के रूप में की गई है. बताया जाता है कि दीना चौधरी मछली मारने के लिए सोन नदी में गया था और इसी दरम्यान सोन नदी के एक गड्ढे में चला गया जिससे उसकी मृत्यु हो गई. ग्रामीणों द्वारा उसे नदी से निकाल कर बाहर किया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़, ट्रेन सेवा घंटों बाधित

मोतिहारी. बापूधाम मोतिहारी व मुजफ्फरपुर रेलखंड के बीच कचहरी रेलवे गुमटी संख्या 159 के पास ट्रैक पर विशालकाय पेड़ गिर गया. पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गये. जिसके कारण मुजफ्फरपुर रेलखंड पर देर शाम तक ट्रेन सेवा बाधित रही. करीब छह बजे शाम में तार जोड़ने के लिए टावर वैगन सुगौली से घटना स्थल पहुंची. मिली जानकारी के अनुसार पेड़ गिरने के कारण 05257 जीवधारा में रूकी रही. 09270 पीपरा चकिया में, 5216 सेमरा में रूकी रही. 5001 राप्ती गंगा एक्सप्रेस को ढ़ाई घंटा बाद मोतिहारी से गोरखपुर की तरफ रवाना किया गया. सहायक स्टेशन मास्टर विपीन कुमार ने बताया कि ट्रैक से पेड़ हटा दिया गया है. तार जोड़ने के लिए तकनीकी विशेषज्ञ पहुंचे है. देर शाम तक सेवा आरंभ कर दी गयी.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

विवाहिता को अगवा करने के मामले में प्राथमिकी

विद्यापतिनगर. आलमपुर गांव से एक विवाहिता को अगवा कर लिया गया है. मामले को लेकर बेगूसराय तेघरा के श्याम बदन ठाकुर ने पुत्री को अगवा करने की प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें सूरज कुमार झा, रंजना देवी, दीपक कुमार सहित अन्य को आरोपित किया है. घटना 10 सितंबर की बतायी जाती है. बताया कि पुत्री परीक्षा के दौरान अपने ननिहाल आलमपुर गांव में रह रही थी. 14 सितंबर को आवश्यक काम से विद्यापतिनगर बाजार गयी थी, जहां से उसे अगवा कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जायेगी.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

ओबरा से दो भाई गिरफ्तार

ओबरा. थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोला से रविवार को पुलिस ने दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा ने बताया है कि गुप्त सूचना पर ओबरा के ब्राह्मण टोला से छोटन द्विवेदी व कौशिक दुबे को घर से गिरफ्तार किया गया. दोनों पर न्यायालय से वारंट निर्गत था. इसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों को जेल भेज दिया गया. वैसे दोनों व्यक्ति सगे भाई है.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

महुआ शराब के साथ दो बाइकें जब्त, धंधेबाज गिरफ्तार

मेसकौर. मेसकौर ओपी क्षेत्र के तेतरिया गांव मोड़ के पास पुलिस ने शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के चांदो प्रसाद के पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में की गयी है. उसके पास से पुलिस ने 29 लीटर महुआ शराब सहित दो बाइकें जब्त किया है. इस संदर्भ में सिरदला के मेसकौर ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. यह जानकारी ओपी प्रभारी ने दी है.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

बड़े भाई को बरछी मारकर की हत्या,छोटा भाई गिरफ्तार

मेहसी.आपसी विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को बरछी से मार हत्या कर दिया है. घटना रविवार के रात्रि की बतायी गयी है. इस संबंध में प्रेस वार्ता कर डीएसपी चकिया एस के सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मेरे नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन कर घटना के दो घंटा के अंदर आरोपी छोटा भाई नागेश्वर दास को गिरफ्तार कर लिया गया.साथ ही हत्या में प्रयुक्त बरछी को भी बरामद कर लिया गया.छापेमारी में थाना अध्यक्ष पुनि कृष्णा प्रसाद सिंह,पुअनि सुशांत रजक,परी पुअनि राहुल कुमार सहित मेहसी थाना के सशस्त्र बल थे.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

नीतीश कैबिनेट की बैठक खत्म, कुल 9 एजेंडों पर लगी मुहर

मुख्य सचिवालय में चल रही नीतीश कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक खत्म हो गई है. कैबिनेट की बैठक में कुल 9 एजेंडों पर मुहर लगी है. नीतीश कैबिनेट ने राजस्व एवं भूमि सुधार, उद्योग विभाग, संसदीय कार्य विभाग, गृह विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े 9 प्रस्तावों पर अपनी स्वीकृति दे दी है. मुख्यमंत्री द्वारा स्पेशल कैबिनेट बुलाने के बाद इस बात की चर्चा थी कि 4 लाख नियोजित शिक्षकों को सरकार राज्यकर्मी का दर्जा देगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

फरार आरोपित गिरफ्तार

नवीनगर. नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 भवानोखाप गांव निवासी कईल राम को पुलिस गश्ती के दौरान पीएसआइ पिंकी कुमारी ने घर से गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि उक्त व्यक्ति पर कोर्ट द्वारा एनबीडबलू वारंट निर्गत था. वह काफी दिनों से फरार चल रहा था. गुप्त सूचना पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

10:55 PM. 25 Sept 23 10:55 PM. 25 Sept

ट्रैक्टर के चपेट में आए ऑटों चालक की इलाज के दौरान मौत

केसरिया. स्थानीय चकिया मार्ग के बैसखवा हाइस्कूल के समीप रविवार की देर शाम हरे बांस लदे ट्रैक्टर ट्राले की चपेट में आने से एक ऑटों चालक की गंभीर रूप से जख्मी हो गया जिसका इलाज के दौरान सोमवार की सुबह मौत हो गई. मृतक कल्याणपुर थाना क्षेत्र के शम्भु चक राई टोला निवासी 22 वर्षीय अनिश कुमार बताया जा रहा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाने लायी व चालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चालक पिपरा कोठी थानाक्षेत्र के मठ बनवारी निवासी सोनु कुमार सिंह बताया जा रहा है. ग्रामीणों के सहयोग से केसरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के रेंफर कर दिया फिर मोतिहारी से पटना के लिए रेफर हुआ.जो पटना जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो गई. थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया की मृतक के पिता रविन्द्र सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

सीवान में बस की चपेट में आकर डॉक्टर की मौत

सीवान में बस के चपेट में आने से एक होमियोपैथिक डॉक्टर की मृत्यु हो गई है. घटना जिला के जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र के सीवान-शीतलपुर मुख्य मार्ग पर माधोपुर स्कूल के समीप की है. मृतक जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी बृजकिशोर सिंह (50) हैं.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

सीवान में दो लड़कियों की मारपीट का वीडियो वायरल

सीवान में दो लड़कियों की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. दो लड़कियां क्लासरूम से लेकर सड़क तक मारपीट करती दिख रही हैं. वायरल वीडियो एक दिन पूर्व शहर के सिसवन ढाला के समीप की बताई जा रही है.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

जदयू में विधानसभा प्रभारियों की छुट्टी

नीतीश कुमार ने जदयू के विधानसभा प्रभारियों को हटाने और जिला स्तर पर प्रभारी बनाने का निर्देश दे दिया है. नीतीश कुमार ने कहा कि जहां हम चुनाव नहीं लड़ते वहां प्रभारी बनाने का क्या फायदा है. जिला स्तर पर ही प्रभारी बनाए जाएं.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

दलित महिला की पिटाई मामले में सीएम नीतीश कुमार का आया बयान

पटना में दलित महिला की पिटाई मामले में सीएम नीतीश कुमार का बयान आया है. सीएम ने कहा कि जो दोषी होंगे उन्हें सजा मिलेगी. बता दें कि सूद के पैसे नहीं लौटाने पर एक महिला को बेरहमी से पीटा गया है.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

भागलपुर में डेंगू के एक मरीज की मौत

भागलपुर : जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज अस्पताल में भीखनपुर निवासी संदिग्ध डेंगू पाजिटिव महिला की मौत हो गयी थी . एलीजा जांच रिपोर्ट में ये डेंगू पाजिटिव पायी गयी है . अस्पताल मैनेजर ने बताया कि 22 सितंबर को महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया था. रिपोर्ट रविवार को आयी जिसमें ये पाजिटिव पायी गयी है .

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

बेतिया में करंट लगने से ट्रक चालक की मौत

बेतिया में एक गैस एजेंसी के ट्रक चालक की मौत करंट लगने से हो गयी. घटना सोमवार सुबह की है जब सद्दाम आलम बिजली की तार की चपेट में आ गए और उनकी मौत झुलसने से हो गयी. मुआवजे के लिए परिजनों ने हंगामा भी किया. मृतक बनहौरा बाजार के बरदाहा पंचायत के रहने वाले थे.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

बगहा में स्कूली बच्चों से लदी वैन पलटी

पश्चिमी चंपारण के बगहा में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही वैन पलट गयी. इस घटना में कई बच्चे जख्मी हो गये. जिनका अस्पताल में इलाज कराया गया. घटना रामनगर थाना क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खाे दिया था. जिससे यह हादसा हुआ.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

कटिहार में करंट लगने से मकान मालिक व किरायेदार की मौत

कटिहार नगर थाने के बेगना में रविवार को करेंट लगने से मकान मालिक व एक किरायेदार की मौत हो गयी, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. बैगना नहर के समीप निवासी उमाशंकर चौधरी के आंगन में बिजली के तार में करेंट प्रवाहित हो गया. इसकी चपेट में उमाशंकर चौधरी आ गये. उसे बचाने के लिए सोनौली निवासी किरायेदार नीरज कुमार गया तो उसे भी करेंट लग गया. अपने ससुर को करेंट लगता देख बहू प्रिया देवी उसे बचाने गयी तो उसे भी झटका लगा, जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गयी.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

पूर्णिया में बारिश की वजह से डायवर्सन टूटा

पूर्णिया के कृत्यानंदनगर प्रखंड के गोकुलपुर पंचायत में काढ़ागोला बड़ी नहर पर बना डायवर्सन टूटकर पानी के तेज धार में बह जाने से पूर्णिया-सहरसा का सीधा सड़क संपर्क भंग हो गया. एनएच 107 पर घटनास्थल के समीप रूट डायवर्ट कर परिचालन को बहाल रखने की कवायद प्रशासनिक स्तर पर हुई है. 

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

भागलपुर में छात्रा से दुष्कर्म मामले में आज प्रदर्शन

भागलपुर के प्राइवेट स्कूल में छात्रा से दुष्कर्म मामले में दो शिक्षक गिरफ्तार करके जेल भेज दिए गए हैं. वहीं इसके विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लगातार आंदोलन कर रही है. आज 12 बजे प्रसाल हॉल TMBU (TNB गेट के पास) के पास काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन ABVP करेगी. दोषी और प्रिसिंपल को कड़ी सजा देने की मांग संगठन कर रहा है.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

दीन दयाल उपाध्याय की जयंती समारोह में पहुंचे नीतीश-तेजस्वी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव आज पटना में आयोजित दीन दयाल जयंती समारोह में शिरकत किए. महागठबंधन के कई और नेता उनके साथ रहे. बता दें कि आज बिहार मंत्रीमंडल की बैठक भी होनी है.

बिहार: सीएम नीतीश कुमार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर राजकीय समारोह में हुए शामिल, तेजस्वी भी रहे मौजूद

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

जमुई के गिद्धौर में तालाब में डूबकर किशोर की मौत

जमुई में गिद्धौर थाना क्षेत्र के पतसंडा पंचायत के बभनी तालाब में सोमवार की अहले सुबह एक 15 वर्षीय बालक की तालाब में डूब जाने से मौत हो गयी. उक्त मृतक रतनपुर पंचायत के भौराटांड़ गांव निवासी संजय भुइयां का 15 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार बताया जाता है, घटना को लेकर भौराटांड़ एवं आसपास के ग्रामीणों द्वारा बताया जाता है कि मृतक सूरज गांव के ही अपने दोस्तों अर्जुन मांझी एवं मुस्कान मांझी के साथ पतसंडा के बभनी तालाब में कर्मा पर्व को ले कमल फूल तोड़ने गया था, की इसी क्रम में सूरज गहरे पानी में चला गया वहीं घटना के वक्त अर्जुन व मुस्कन सूरज को बचाने का हरसंभव प्रयास किये लेकिन तालाब के पानी के अत्यधिक गहराई में चले जाने से सूरज की मौत हो गयी.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

दरभंगा में आयकर विभाग की छापेमारी

आयकर विभाग की छापेमारी दरभंगा के अशोक कैटल फीड्स एंड दिव्य दृष्टि पोल्ट्री पर चल रही है. पटना से आई आयकर विभाग की टीम अहले सुबह से ही फैक्ट्री में छापेमारी कर रही है. बता दें की आज अहले सुबह आयकर विभाग की टीम ने दरभंगा के अशोक मंसारिया व आनंद मंसारिया और राजकुमार मंसारिया के फैक्ट्री सहित आवास पर दबिश डाली और छापेमारी कर रही है . बताया जाता है कि ये फैक्ट्री कैटल फीड , पोल्ट्री फार्म और फ्लोर मिल्स तीनो भाइयों का है. इनके दरभंगा सहित समस्तीपुर, पुणे ,गुवाहाटी और कोलकाता की कम्पनियों में भी छापेमारी चल रही है.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

सुप्रीम कोर्ट में बिहार के बीएड अभ्यर्थियों ने दायर की याचिका 

सुप्रीम कोर्ट से राजस्थान और बंगाल के बीएड डिग्रीधारी की याचिका को खारिज करने के बाद बिहार के बीएड अभ्यर्थियों सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. बीपीएससी की ओर से ली गयी प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति की परीक्षा में बीएड योग्यताधारी अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी करने तथा बहाली में शामिल करने को लेकर बीएड अभ्यर्थियों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

पटना में मंदिरी के ही दोस्तों ने की थी राजन की हत्या

पटना के बुद्धा कालोनी थाने के श्रीकृष्णा नगर रोड नंबर 21 में शनिवार को युवक की चाकू गोद कर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपितों की पहचान कर ली है. तीनों मंदिरी के ही रहने वाले हैं. जानकारी के अनुसार तीनों मृत राजन कुमार के घर के आसपास के ही रहने वाला है. दरअसल कुछ दिन पूर्व राजन और तीनों युवकों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद तीनों ने राजन को अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी दी थी. वहीं थानेदार पिंकी प्रसाद ने बताया कि तीनों फरार हैं. छापेमारी की जा रही है़ जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा. शनिवार को सुबह करीब 11 बजे श्रीकृष्ण नगर रोड नंबर 21 के पास स्थित पार्क के गेट के पास राजन की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गयी थी. इधर तीनों बदमाशों के मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं. घटना को अंजाम देने के बाद तीनों दक्षिणी मंदिरी तक साथ गये और वहां से फरार हो गये. तीनों के परिजनों को थाने में लाकर पुलिस पूछताछ की जा रही है.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

बिहार में डेंगू के 167 नए मरीज

बिहार में रविवार को डेंगू के 167 नये मरीज पाये गये. इनमें सबसे अधिक पटना जिले में 100 नये मरीज पाये गये. वहीं, भागलपुर जिले में 19, मुंगेर में 18, बांका 17 और बेगूसराय व सारण में 15-15 नये मरीज पाये गये हैं. राज्य स्वास्थ्य समिति ने रिपोर्ट में बताया कि 2023 में राज्य में डेंगू के करीब 4457 मरीज पाये गये हैपटना में डेंगू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है. रविवार को पटना जिले में डेंगू के 100 नये मरीज मिले. इसके साथ जिले में डेंगू संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1379 के पार पहुंच गया है.

3:38 PM. 25 Sept 23 3:38 PM. 25 Sept

समस्तीपुर में राजधानी से टकरायी भैंस

समस्तीपुर. 20504 नयी दिल्ली- डिब्रूगढ़ टाउन राजधानी एक्सप्रेस के इंजन से रविवार को एक भैंसा टकरा गया. घटना समस्तीपुर-रुसेरा घाट रेलवे खंड के अंगार घाट स्टेशन से आगे हुई. पोल नंबर 27 से आगे कुछ दूरी पर ट्रेन पास कर रही थी. इसी दौरान एक भैंसा ट्रेन के आगे आ गया. चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोका. लोको पायलट व गार्ड ने जब इंजन को चेक किया, तो कैपलर पाइप फटा हुआ मिला

8:11 AM. 25 Sept 23 8:11 AM. 25 Sept

ठनके की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत

बिहार में इन दिनों लगातार बारिश पड़ रही है. कई जिलों में बारिश हो रही है. मौसम का मिजाज बदला तो ठनके की चपेट में भी कई लोग पड़े. सूबे में वज्रपात की चपेट में आकर तीन और लोगों की मौत हो गयीर. नालंदा, बक्सर और नवादा में मौत हुई है.

मुख्य बातें

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >