Bihar Breaking News Live: बगहा में गन्ना लदे ट्रक में बाइक सवारों ने मारी टक्कर, दो की मौत, एक घायल

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को...

Live Updates
9:07 PM. 2 Dec 23 9:07 PM. 2 Dec

अनियंत्रित होकर घर में घुसा ऑटो, बाल-बाल बचे लोग

वैशाली जिला के बिदुपुर थाना क्षेत्र के गर्दनिया चौक के निकट शनिवार को एक ऑटो अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गया. घटना में ऑटो पर सवार यात्री और घरवाले बाल-बाल बच गये. हालांकि एक अन्य राहगीर को चोट लगी है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोगों की जुटती भीड़ को देख ऑटो चालक उसी घर में घुस गया और पीछे के दरवाजे से भागने लगा. गांव के लोग उसे चोर समझकर पीछा करते हुए उसपर ईंट पत्थर भी चलाया लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा.

9:07 PM. 2 Dec 23 9:07 PM. 2 Dec

भागलपुर में मेडिकल के छात्र ने की आत्महत्या

भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्र राजीव रंजन ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. उन्होंने 2022 में मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लिया था, छात्रों और हॉस्टल वासियों ने बताया कि परीक्षा में दो-तीन पेपर खराब होने के कारण वह कुछ दिनों से डिप्रेशन में थे, इसीलिए उन्होंने आत्महत्या कर ली.

9:07 PM. 2 Dec 23 9:07 PM. 2 Dec

गन्ना लदे ट्रक में पीछे से बाइक सवारों ने मारी टक्कर, दो की मौत, एक घायल

बगहा व वाल्मीकि नगर मुख्य पथ में सड़क के किनारे खड़ी गन्ना लदे ट्रक में बाइक सवार ने टक्कर मार दी. जिससे घटनास्थल पर ही बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि एक की स्थिनी चिंताजनक बताई जा रही है. जिसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेजा गया है. उक्त घटना शनिवार की देर शाम करीब 7 बजे मंगलपुर एसएसबी कैंप के पास की है. मिली जानकारी के अनुसार मंगलपुर एसएसबी 21 वी वाहिनी कैंप के पास गन्ना लदी एक ट्रक खड़ी हुई थी. तभी बगहा की ओर आ रहे बाइक सवारों ने ट्रक में टक्कर मार दी. इस घटना में बाइक पर सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतकों में पटखौली ओपी थाना क्षेत्र के मंगलपुर निवासी बिट्टू कुमार व सुखल कुमार शामिल है. वही घायल की पहचान उक्त गांव निवासी कन्हैया कुमार उर्फ हार्दिक के रूप में की गई है. इधर घटना की सूचना पर पहुंची पटखौली पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडली अस्पताल बगहा भेज दी है. वहीं पुलिस घटना में जांच पड़ताल करने में जुट गई है. 

9:07 PM. 2 Dec 23 9:07 PM. 2 Dec

बांका में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट, कई घायल

बांका के रजौन प्रखंड क्षेत्र के ओड़हारा पंचायत अंतर्गत मालती गांव में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट की घटना घटी है. इस घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गये. दोनों पक्षों ने इलाज के बाद रजौन थाना में आवेदन देकर शनिवार को केस दर्ज करायी है.

9:07 PM. 2 Dec 23 9:07 PM. 2 Dec

राशन खरीदने गये युवक को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

सीवान के मैरवा थाना क्षेत्र के छोटका मांझा गांव में शनिवार की तड़के युवक को हत्या की नीयत से बाइक सवार पर बदमाशों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल का सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया. उधर इलाज के दौरान घायल युवक ने फर्द बयान में अपने गांव के ही युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.

9:07 PM. 2 Dec 23 9:07 PM. 2 Dec

पटना में कोर्ट से लौट रहे युवक को अपराधियों ने मारी गोली

पटना के अथमलगोला थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े कोर्ट से लौट रहे एक शख्स को गोली मार दी. बताया जा रहा है कि बाढ़ कोर्ट से लौट रहे एक शख्स को बाइक सवार अपराधियों ने तीन गोली मारी है. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है. इलाके में दहशत है.

9:07 PM. 2 Dec 23 9:07 PM. 2 Dec

पार्टी मनाने के दौरान शराब के नशे में तीन धराये

कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र के सियापोखर गांव की बगल में स्थित एक चेंबर पर पार्टी मनाने के दौरान पुलिस ने शराब के नशे में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश किया गया. जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी को सूचना मिली की सियापोखर गांव की बगल में चेंबर पर शराब पार्टी चल रही है, जिसके आलोक में पुलिस द्वारा छापेमारी की गयी तो शराब नहीं मिली. जबकि तीन लोग शराब के नशे में झूमते पाये गये, जिसे अनुमंडल अस्पताल में मेडिकल जांच करायी गयी, तो शराब पीने की पुष्टि हुई. इसके बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

9:07 PM. 2 Dec 23 9:07 PM. 2 Dec

2025 में आएंगे तो बिहार में गुजरात मॉडल लागू करेंगे : जीतन राम मांझी

जीतन राम मांझी ने कहा कि हम 2025 में आएंगे तो बिहार में गुजरात मॉडल लागू करेंगे, नहीं तो सबको पीने के लिए खुला छोड़ देंगे. पहले भी ऐसा ही था. पहले सब कुछ ठीक चल रहा था. शराबबंदी के दौरान लोग जहरीली शराब पीकर मर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान शराब नीति पूर्णतया त्रुटिपूर्ण एवं गलत है.

9:07 PM. 2 Dec 23 9:07 PM. 2 Dec

कांग्रेस में शामिल हुए तमिलनाडु के पूर्व डीजीपी बीके रवि

बिहार कांग्रेस के पटना स्थित मुख्यालय पर मिलन समारोह का आयोजन हुआ. इस समारोह में में तमिलनाडु के पूर्व डीजीपी बीके रवि पार्टी से जुड़े. इस दौरान उन्होंने कहा कि खाकी से शुरू हुई यात्रा खादी तक पहुंची है. मैं किसान हूं और जवान भी

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

नवादा में विवाहिता की हत्या, ससुराल से शव बरामद

नवादा में एक विवाहिता को मौत के घाट उतार दिया. महिला के गले में रस्सी बांधकर उसकी हत्या की गयी. घटना के बाद ससुराल वाले घर से फरार हो गए. घटना हिसुआ थाना के सोनसा पंचायत के डुमरी गांव का है. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया.

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

भागलपुर में के के पाठक का एक्शन

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के के पाठक गुरुवार को भागलपुर पहुंचे. शुक्रवार को उन्होंने टीचर ट्रेनिंग कॉलेज व स्कूलों का निरीक्षण किया. जानिए इस दौरान वो किस तरह एक्शन में दिखे..

मजदूर के बेटों को कलेक्टर बनाने में जुटे हैं KK Pathak, बोले- अगर ये नहीं कर सके तो मेरी-आपकी क्या जरुरत..

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

सहरसा में पुलिस गाड़ी पर पथराव मामले में दो दर्जन से अधिक नामजद लोगों पर मामला दर्ज

सहरसा के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में गुरुवार को हुई पुलिस गाड़ी पर पथराव मामले में बख्तियारपुर में पदस्थापित सअनि शैलेन्द्र सिंह ने थाना में आवेदन देकर दो दर्जन से अधिक नामजद लोगों पर केस दर्ज कराया है.

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

पटना में डेंगू के 23 नये मरीज मिले

पटना और आसपास इलाके में शुक्रवार को डेंगू के 23 नये मरीज मिले. इस तरह अब तक पटना जिले में 8537 डेंगू के मरीज हो गये हैं. जानकारी के अनुसार सबसे अधिक पाटलिपुत्र अंचल में डेंगू के पांच नये मरीज मिले हैं. वहीं, पटना सिटी में चार, अजीमाबाद, न्यू राजधानी अंचल, फुलवारीशरीफ व फतुहा में दो-दो और बांकीपुर व कंकड़बाग में एक-एक नये मरीज मिले हैं.

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

पटना में 131 बीएलओ के वेतन पर रोक

निर्वाचन कार्य में लापरवाही के कारण पटना जिला निर्वाचन सह जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने 131 बीएलओ के वेतन पर रोक लगा दी है और उनके कारण बताओ पूछने का निर्देश दिया है. इसमें विधानसभा निर्वाचन पटना साहिब-78, फतुहा- 21 एवं मसौढ़ी(अ.जा.)-32. के 102 शिक्षक तथा 29 आंगनबाड़ी सेविका हैं. जिलाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही करने के दोषी बीएलओ से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण प्राप्त कर रिपोर्ट दें. यदि इन बीएलओ का जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो उनके विरुद्ध दंडात्मक एवं अनुशासनिक कार्रवाई की जायेगी.

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

जहानाबाद में प्रेम प्रसंग में मारपीट

जहानाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र के अंजनी गांव के रहने वाले एक दलित लड़के को प्रेम प्रसंग में लड़की भागने का मामला महंगा पड़ गया. लड़की पक्ष के लोगों ने लड़का के परिवार वालों के साथ घर पर आकर जमकर मारपीट कर देने का मामला सामने आया है. जिसके बाद लड़का पक्ष के लगभग दर्जन भर पुरुष एवं महिलाएं जहानाबाद सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. लड़का पक्ष के लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पटना जिले के भूषण चक की रहने वाली लड़की को अंजनी गांव का एक दलित युवक से प्रेम हो गया. जिसके बाद वह दोनों अपने अपने घर से भाग गए. इसके बाद से लड़की पक्ष के लोग लगातार हम लोग पर लड़की को लाने का दबाव बना रहे थे. हम लोग अपने स्तर से लड़का से संपर्क कर वापस बुलाने का पहल कर ही रहे थे कि इसी बीच अचानक से हथियार से लैस होकर लड़की पक्ष के कई लोग गांव में पहुंचकर हम लोगों के साथ बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया. जिसकी सूचना हम लोगों के द्वारा स्थानीय थाने में भी दी गई है. फिलहाल सभी घायल लोगों का जहानाबाद सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. जिसमें कुछ पुरुष एवं महिलाएं भी शामिल है. इस सूचना के बाद स्थानीय पुलिस आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है.

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

खगड़िया में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

 खगड़िया के अलौली थाना क्षेत्र के खगड़िया-अलौली पथ पर ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया. जिसके कारण बाइक सवार एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. बताया जाता है कि युवक बहन के यहां भदास गांव जा रहा था. इसी दौरान खगड़िया-अलौली पथ पर संतोष पुलिस और तिलकनगर के बीच अनियंत्रित ट्रक व बाइक की आमने सामने टक्कर हो गयी. जिसके कारण बाइक सवार राजा कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी.

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2023: आज जारी होगी मेरिट लिस्ट, चार से शुरू होगा एडमिशन

डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2023 में सफल स्टूडेंट्स की एडमिशन प्रक्रिया जारी है. सत्र 2023-25 में एडमिशन के लिए सेकेंड मेरिट लिस्ट दो दिसंबर को जारी किया जायेगा. सेकेंड मेरिट लिस्ट के अनुसार एडमिशन चार से छह दिसंबर तक होगा. फर्स्ट मेरिट लिस्ट के चयनित वैसे आवेदक, जिन्हाेंने तीन हजार रुपये की सुरक्षा राशि जमा कर अपने आवंटित संस्थान में एडमिशन कराया था और जिन्हाेंने स्लाइड अप विकल्प का प्रयोग नहीं किया था, उन्हें आवंटित संस्थान में अब कोई परिवर्तन नहीं होगा. द्वितीय चयन सूची में शामिल वैसे आवेदक, जिन्हें प्रथम चयन सूची में कोई संस्थान आवंटित नहीं हुआ था वे चार से छह दिसंबर तक अपने आवंटित संस्थान में तीन हजार रुपये की सुरक्षा राशि जमा कर एडमिशन करा सकते हैं. प्रथम चयन सूची में शामिल व नामांकित वैसे आवेदक जिन्हें स्लाइड अप के आधार पर द्वितीय चयन सूची में उच्चतर प्राथमिकता के आधार संस्थान आवंटित हुआ है, वे नव आवंटित संस्थान में चार से छह दिसंबर तक नामांकन करायेंगे.

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

पूर्णिया में अवैध वसूली के आरोप में 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड

पूर्णिया के एसपी आमिर जावेद को थाना की गश्ती गाड़ी द्वारा मछली लोड गाड़ी से अवैध वसूली करने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना के बाद एसपी द्वारा यातायात के उपाधीक्षक को इस संबंध में जांच पड़ताल करने का निर्देश दिया था. बीते गुरुवार को रात्रि गश्ती के दौरान यातायात के पुलिस उपाधीक्षक कौशल किशोर कमल के द्वारा औचक निरीक्षण करने के क्रम में सदर डगरूआ व बायसी थाने में पदस्थापित नौ पुलिसकर्मियों को अवैध वसूली करते हुए पाया गया.

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

किशनगंज में तीन वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म

किशनगंज जिले के कुर्लीकोर्ट थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला शुक्रवार को प्रकाश में आया है. पीड़ित बच्ची की मां ने गांव के ही एक 15 वर्षीय नाबालिग पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कुर्लीकोर्ट थाना में शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित बच्ची को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भेज दिया. बच्ची का इलाज जारी है. बच्ची की मां ने पुलिस को बताया है कि आरोपित नाबालिग पड़ोस में रहता है और उनके तीन वर्षीय बच्ची को अकेला पाकर घटना को अंजाम दिया है. 

2:42 PM. 2 Dec 23 2:42 PM. 2 Dec

बांका में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार शिक्षक की मौत

बेलहर थाना क्षेत्र के देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर बेलहर शीतला स्थान के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक शिक्षक की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार अपने बाइक से घर जा रहे एक शिक्षक तथा साइकिल से घर जा रहे एक पीएचइडी मिस्त्री को एक अज्ञात वाहन ने पीछे से धक्का मार दिया, जिससे दोनों मौके पर दुर्घटनाग्रस्त होकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जिसमें जमुई जिला के झाझा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकीजोर गांव के शिक्षक सोनेलाल हेंब्रम की मौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाने के क्रम में हो गयी.

8:17 AM. 2 Dec 23 8:17 AM. 2 Dec

मुंगेर में शराब कारोबारियों ने पुलिस पर किया हमला

मुंगेर में शराब कारोबारियों ने बुलंद हौसले का परिचय देते हुए गुरुवार की रात तारापुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इसमें तारापुर थाना के एसआइ समेत कई पुलिस जवान घायल हो गये. जबकि पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचायी. वहीं पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है. जबकि मुख्य सरगना रविश व मनीष फरार हो गया. बताया जाता है कि शराब तस्करों की धड़-पकड़ के लिए तारापुर थाना पुलिस नवटोलिया गयी थी. इसी दौरान शराब तस्करों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इसमें एसआई मो. महबूब अंसारी एवं गृह रक्षक भूदेव सिंह जख्मी हो गये और वहां से जान बचाकर भागना पड़ा. 

मुख्य बातें

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >