Bihar BPSC TRE-4 Protest: बिहार लोक सेवा आयोग ने 18 अगस्त को शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई 4 का विज्ञापन जारी कर दिया था. इसके तहत शिक्षा विभाग में 32388 पदों पर भर्ती होनी है. लेकिन परीक्षा के बदले हुए तरीके को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है. पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन आज तीसरे दिन भी जारी है. छात्र सड़क पर उतरकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. बढ़ते आंदोलन को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है.
छात्रों की मांग पर बैठक जारी
छात्रों के बढ़ते विरोध को देखते हुए सरकार ने मामले में दखल देने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोपहर 12 बजे अपने आवास पर बैठक बुलाई थी. इस बैठक में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, शिक्षा विभाग के अपर सचिव और बिहार लोक सेवा आयोग के बड़े अधिकारी शामिल हो सकते हैं. बैठक में छात्रों की मांग और टीआरई 4 की परीक्षा को लेकर बने विवाद पर चर्चा होने की बात कही जा रही है.
क्या खाली पदों की संख्या बढ़ सकती है?
बैठक में टीआरई 4 में खाली पदों की संख्या बढ़ाने पर भी फैसला हो सकता है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर सकते हैं. बताया जा रहा है कि सरकार अभ्यर्थियों की मांग के साथ अपने रोजगार से जुड़े फैसलों को भी ध्यान में रखकर आगे का फैसला ले सकती है.
छात्रों की सबसे बड़ी मांग क्या है?
टीआरई 4 के लिए जारी विज्ञापन में परीक्षा के तरीके में बदलाव किया गया है. इसी बदलाव को लेकर छात्र नाराज हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा की प्रक्रिया को ज्यादा मुश्किल बनाने के बजाय इसे एक ही चरण में कराया जाना चाहिए. छात्रों की दूसरी बड़ी मांग परीक्षा में लगाई गई नेगेटिव मार्किंग को पूरी तरह खत्म करने की है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
गर्दनीबाग में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता
पटना के गर्दनीबाग में चल रहे आंदोलन के बीच छात्र नेता अमन कुमार अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. वह छात्रों की मांगों को लेकर अपना विरोध जता रहे हैं. अमन कुमार ने वीडियो संदेश जारी कर अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा है कि जब तक छात्रों की सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वह भूख हड़ताल खत्म नहीं करेंगे. उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि मांगें पूरी होने तक वह पीछे नहीं हटेंगे, चाहे उनकी जान ही क्यों न चली जाए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
अब सरकार के फैसले पर टिकी छात्रों की नजर
टीआरई 4 को लेकर छात्रों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी है. दूसरी ओर, आज मुख्यमंत्री के आवास पर होने वाली बैठक को लेकर अभ्यर्थियों की नजर सरकार के फैसले पर टिकी है. बैठक में परीक्षा के तरीके, नेगेटिव मार्किंग, खाली पदों की संख्या और छात्रों की दूसरी मांगों पर क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजर है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में अगले 72 घंटे तक जारी रहेगा भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का दौर, IMD का डबल अलर्ट
999 रुपये देकर लगाएं सोलर पैनल, पांच साल में आसान किस्त से चुकाएं पैसा, जानें पूरी योजना
