Bihar Bandh 25 July: NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और लाठीचार्ज के विरोध में बुलाया गया बिहार बंद कई जिलों में हिंसक हो गया है. सीवान, छपरा, भागलपुर और पटना समेत कई जगहों पर पत्थरबाजी हुई है.
सीवान में प्रदर्शन के दौरान हालात सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रहे. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया. इस दौरान सीवान के एसपी पूरन झा के हाथ में पत्थर लगने से चोट आई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन जब हालात नहीं संभले तो 10 राउंड से अधिक हवाई फायरिंग करनी पड़ी.
छपरा में बेकाबू हुआ प्रदर्शन, पुलिस की गाड़ी फूंकी
छपरा शहर में दोपहर बाद छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया. पंकज सिनेमा रोड पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर पत्थरबाजी की. कई ठेले और पुलिस बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया गया. उग्र भीड़ ने पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी. बीच सड़क पर पुलिस वाहन धू-धूकर जलता रहा. पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सरकारी भवन पर चढ़े छात्र, पोस्टर फाड़े
छपरा में प्रदर्शनकारी सरकारी भवन पर भी चढ़ गए. वहां लगे पोस्टर फाड़ दिए गए. कुछ छात्र बैरिकेडिंग उठाकर ले जाते भी नजर आए. भारी भीड़ के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया. इस दौरान एक जज की गाड़ी भी जाम में फंस गई.
प्रदर्शन से जुड़े एक-एक अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
पटना में तेजप्रताप यादव को डिटेन किया गया
पटना में गांधी मैदान के पास बड़ी संख्या में छात्र जुटे. रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए. इस दौरान राजद नेता तेजप्रताप यादव हाथ में तिरंगा लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए.
बाद में प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़े. पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई. पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा और तेजप्रताप यादव को डिटेन कर लिया.
भागलपुर में भी बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
भागलपुर में भी प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी हुई. छात्रों ने पुलिस की गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रित किया गया.
बेगूसराय में ड्रोन से निगरानी
मधेपुरा में छात्रों ने सड़क पर उतरकर जोरदार नारेबाजी की. पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. वहीं, बेगूसराय में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए ड्रोन के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की गई.
