Bihar Airport Helipad Project: बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने खास कदम उठाया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्र सरकार की संशोधित उड़ान योजना (RCS 6.0) को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान नए हवाई अड्डे और हेलीपैड बनाने और छोटे शहरों और पर्यटन स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ने पर चर्चा हुई.
इन जिलों को लेकर CM का आदेश
मुख्यमंत्री ने सबेया (गोपालगंज), फारबिसगंज (अररिया), किशनगंज, सारण और उलाव (बेगूसराय) में हवाई सुविधाओं के विकास की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया. इसके अलावा औरंगाबाद, बांका, खगड़िया, नवादा, शेखपुरा और सीतामढ़ी जैसे जिलों में भी हेलीपैड या अन्य हवाई सुविधाएं विकसित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा.
यहां विकसित किए जायेंगे हैलीपैड
मुख्यमंत्री ने खास तौर पर राजगीर और गया, सासाराम और कैमूर और शाहाबाद इलाके में हेलीपैड विकसित करने की योजना पर काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे जगहों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे आसपास के कई जिलों के साथ-साथ पर्यटन, धार्मिक और व्यापारिक केंद्रों को भी इसका फायदा मिल सके.
अधिकारियों को आदेश जारी
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए हवाई अड्डों और हेलीपैड के लिए जमीन की उपलब्धता, जगह की उपयुक्तता, यात्रियों की संभावित संख्या और तकनीकी जरूरतों का जल्द आकलन किया जाए. संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर जमीन और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए.
हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होने से होंगे ये फायदे
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से बिहार में पर्यटन, व्यापार, उद्योग, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा. खासकर ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.
सरकार का ये है लक्ष्य
साथ ही उन्होंने अधिकारियों को बिहार की जरूरतों के अनुसार प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों के साथ समन्वय करने का भी निर्देश दिया. कुल मिलाकर, सरकार का लक्ष्य बिहार के ज्यादा से ज्यादा जिलों और प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों को हवाई नेटवर्क से जोड़ना है, ताकि राज्य में आवागमन आसान हो और विकास की गति तेज हो.
Also Read: आज पूरे बिहार में बिगड़ा रहेगा मौसम, गरज-चमक के साथ होगी बारिश, IMD का डबल अलर्ट जारी
