नौ डिग्री पहुंचा पारा, घरों में दुबके लोग

परेशानी. कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त, ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा असर सड़कों पर कम दिखीं गाड़ियां आरा : पिछले एक सप्ताह से जारी सर्द पछुआ हवा से मौसम का पारा लगातार नीचे गिरता जा रहा है. रविवार को मौसम का पारा लुढ़क कर नौ डिग्री तक पहुंच गया. इससे पूरा जिला […]

परेशानी. कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त, ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा असर

सड़कों पर कम दिखीं गाड़ियां
आरा : पिछले एक सप्ताह से जारी सर्द पछुआ हवा से मौसम का पारा लगातार नीचे गिरता जा रहा है. रविवार को मौसम का पारा लुढ़क कर नौ डिग्री तक पहुंच गया. इससे पूरा जिला कांपता रहा और लोग अपने घरों में दुबके रहे. सूर्य के दर्शन के लिए लोग पूरे दिन तरसते रहे. किसी जरूरी काम से कोई घर से निकला भी, तो पूरी तरह गर्म कपड़ों से ढंक कर. वहीं कुहासे के कारण सड़कों पर भी वीरानी छायी रही और वाहन कम दिखे. कुछ वाहन सड़क पर रेंगते दिखे.
स्थिति ऐसी थी कि वाहनों को दिन में भी लाइट जला कर चलने को मजबूर होना पड़ा. वहीं ट्रेनों के परिचालन पर काफी असर पड़ा है और कई ट्रेनें काफी विलंब से चलीं. इससे आम जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है. सबसे ज्यादा परेशानी गरीबों व फुटपाथ पर जीवन काटने वाले लोगों को हो रही है. ऐसे लोगों के लिए सिर्फ अलाव ही सहारा रह गया है. पूरे दिन लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश में जुटे रहे. इधर, प्रशासन द्वारा अलाव की उचित व्यवस्था नहीं कराये जाने के कारण शहर में कई जगहों पर लोगों को कचरा जला कर आग तापते देखा गया.
आज से तेज होंगी ठंडी हवा की लहरें : हाड़ हिला देने वाली ठंड से अब समाज का हर वर्ग सिहर उठा है. पारे में गिरावट का दौर लगातार जारी है. सोमवार से शीत लहर का प्रकोप और बढ़ेगा. ठंडी हवा की लहरें तेज होंगी. रविवार को जहां ठंडी हवा की रफ्तार सात किमी प्रति घंटा थी वह सोमवार को दोगुनी रफ्तार से बहेगी. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को ठंडी हवा के झोंके 14 किमी प्रति घंटा, मंगलवार को 19 किमी प्रति घंटा और बुधवार को 20 किमी प्रति घंटा के हिसाब से चलेंगे. ऐसे में लोगों की परेशानी और बढ़ेगी. इसका कहर अभी आने वाले कुछ दिनों में ऐसे ही बरकरार रहेगा.
10 बजे से खुलेंगे निजी व सरकारी स्कूल : जिले के सभी सरकारी व निजी प्राथमिक व मध्य विद्यालयों को 10 बजे दिन से शुरू करने का निर्देश जारी किया है़. जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय के माध्यम से जारी पत्र में कहा गया है कि ठंड के प्रभाव को देखते हुए जिले के सभी सरकारी व निजी प्राथमिक व मध्य विद्यालय 10 बजे से खुलेंगे़. इस आशय की सूचना जिला कार्यक्रम पदाधिकारी तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को भेज कर इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कराने का निर्देश भी दिया गया है़.
कुहासे के कारण िदन में भी सड़क पर लाइट जला कर चलते वाहन.
रविवार का तापमान : न्यूनतम-09 डिग्री, अधिकतम-17 डिग्री, शीत लहर- सात किमी / घंटा
मौसम का कुछ ऐसा रहेगा हाल
दिनांक न्यूनतम अधिकतम शीत लहर
12 दिसंबर 10 डिग्री 17 डिग्री 14 किमी/घंटा
13 दिसंबर 12 डिग्री 18 डिग्री 19 किमी/घंटा
14 दिसंबर 10 डिग्री 18 डिग्री 20 किमी/घंटा
15 दिसंबर 10 डिग्री 16 डिग्री 19 किमी/घंटा
सोमवार को रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
डाउन हिमगिरी, अप फरक्का, अप हावड़ा-अमृतसर, अप महानंदा, डाउन संपूर्णक्रांति
विलंब से चल रही ये ट्रेनें
पंजाब मेल- 26 घंटा, मगध- 24 घंटा, ब्रह्मपुत्र- 22 घंटा, कोटा-पटना- 35 घंटा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >