20 हजार नकद भी ले गये चोर
फूल बेच कर जमा किये थे रुपये व गहने
आरा : बेटी की शादी के लिए फूल बेच-बेच कर पांच लाख के गहने माली व मालिन ने जमा कर रखे थे, जिसे चोरों ने बीती रात उड़ा लिये. लाखों के गहने और कुछ नकदी इकट्ठा कर पति-पत्नी ने अपनी लाडली की शादी धूमधाम से करने के सपने संजो रखे थे, मगर उनके सपनों पर बीती रात चोरों ने पानी फेर दिया. घर में घुस कर ताला तोड़ा और फिर लाखों के गहने के अलावा 20 हजार नकदी भी उड़ा लिये. घटना गजराजगंज थाने के अख्तियारपुर गांव की है.
जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी. जानकारी के अनुसार, गजराजगंज थाने के अख्तियारपुर गांव निवासी हीरालाल भगत व उनकी पत्नी सोनी देवी अपने एक रिश्तेदार के घर गये हुए थे. सुबह आने पर देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है. दोनों पति-पत्नी घर में छानबीन की, तो देखा कि सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है और ड्राम में छुपा कर रखे गये पांच लाख रुपये के गहने और 20 हजार नकदी गायब है.
