भाजपा का दो दिवसीय विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण शिविर शुरू
शाहपुर : कांग्रेस मुक्त भारत यदि कोई बना सकता है, तो वह है भाजपा. लेकिन इसके लिए हमें अपने संगठन को निचले पायदान से लेकर ऊपर तक शक्तिमान बनाना होगा. भाजपा के जुझारू कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रति समर्पित करने के लिए चेतना भरने की जरूरत है. हम नीचे से उठ कर ऊपर आने वाले पार्टी के सदस्य हैं. उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया ने शाहपुर में भाजपा के दो दिवसीय विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही.
इसके पूर्व प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन पार्टी के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्याम प्रसाद मुखर्जी एवं दिवंगत नेता विशेश्वर ओझा के तैलचित्र पर माल्यार्पण व दीप जला कर किया गया. वहीं, पूर्व विधायक मुन्नी देवी ने कहा कि अगर कार्यकर्ता जमीन स्तर पर काम करते रहे, तो संगठन काफी मजबूत होगा. भाजपा नेता सतीश भट्ट व भुअर ओझा ने कहा कि प्रशिक्षण के लिए पांच सत्र है. प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता सागर गुप्ता व संचालन राकेश तिवारी ने किया.
