खेती वाली भूमि से हो रहा बालू उत्खनन

आरा : सूबे में एक जुलाई से बालू उत्खनन पर रोक के मद्देनजर सोन के तटवर्तीय क्षेत्र में अवैध रूप से बालू की चोरी छिपे कटाई व ढुलाई के बाद भी प्रशासन मौन धारण किये हुए है. वहीं बड़े बालू कारोबारी अंधाधुंध रूप से बालू का स्टॉक कर सोन नदी को खोखला करने की जुगाड़ […]

आरा : सूबे में एक जुलाई से बालू उत्खनन पर रोक के मद्देनजर सोन के तटवर्तीय क्षेत्र में अवैध रूप से बालू की चोरी छिपे कटाई व ढुलाई के बाद भी प्रशासन मौन धारण किये हुए है. वहीं बड़े बालू कारोबारी अंधाधुंध रूप से बालू का स्टॉक कर सोन नदी को खोखला करने की जुगाड़ में जुट गये हैं. जिस कारण बबुरा से लेकर सहार तक सड़क के किनारे सिर्फ बालू स्टॉक का ही नजारा दिख रहा है.

बालू व्यवसाय से जुड़े लोगों ने सोन नदी से बालू निकाल खेतों में बालू का टीला का निर्माण कर दिया है, जिसके लिए एनजीटी के नियमों की भी धज्जियां उड़ा दी गयी लेकिन न कोई देखनेवाला है न कोई रोकनेवाला. क्योंकि इस धंधे में सफेदपोश से लेकर बालू कंपनी की भी हिस्सेदारी बराबर-बराबर की है. लाल बालू के काले खेल ने जहां माफियाओं को अवैध कमाई का दरवाजा खोल दिया है तो वहीं इस पर पुलिस व प्रशासन की चुप्पी कुछ और बयां करती है.
विगत कई महीनों से आम जनता की आवाज को कोइलवर की स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक फाइलों में दबा दिये जाने से आम जनता प्रशासनिक मिलीभगत की बात सरेआम कहते नहीं थकती. विदित हो कि कोइलवर अंचल में पचरुखिया मौजा के दियरा इलाके से किसानों के खेत में अवैध बालू खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा. पुलिस व प्रशासन की लगातार चुप्पी के बाद आज आसपास गांवों के ग्रामीण अवैध खुदाई के बाबत कोइलवर थाना पहुंच अविलंब रोक लगाने की गुहार लगायी.
पचरुखिया गांव निवासी चितरंजन पांडेय, राजेंद्र पांडेय, सतीश पांडेय, रामदयाल शर्मा, अशोक शर्मा, राजापुर के ओमप्रकाश सिंह सहित अन्य किसानों ने बताया कि अवैध बालू ढुलाई में लगे लोग पचरुखिया, फुंहा, सेमरा, कमालुचक समेत आसपास के गांवों के दियारे इलाके से रोजाना बालू घाटों से लेकर खेतों में भी खुदाई करने लगे हैं, जो किसानों के मना करने पर धमकी व विरोध जताते हैं.
बोले सीओ
अवैध खनन व ओवरलोडिंग ढुलाई की जानकारी हुई है, लेकिन संबंधित रिपोर्ट नहीं मिले है, जिसे जल्द भेज दिया जायेगा. कोइलवर पुलिस ने भी इस मामले में किसी तरह की जानकारी होने से इनकार किया. जिस कारण भोजपुर पुलिस व प्रशासन अब तक अवैध बालू खनन व अवैध स्टॉक के साथ-साथ बगैर लाइसेंस के चल रहे ट्रैक्टर, ओवरलोडिंग बालू की ढुलाई जैसे मुद्दे पर अब तक कोई कारगर कदम नहीं उठा पाई है.
संजीव कुमार, कोइलवर अंचलाधिकारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >