आरा : सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक का इलाज के दौरान पटना में मौत हो गयी. मृतक की पहचान रंजीत कुमार सिंह के रूप में की गयी जो नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी शिवकुमार सिंह का पुत्र था. घटना के बाद पूरे घर में कोहराम मच गया.
गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया. बता दें कि चार फरवरी को आरा आने के क्रम में उदवंतनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर और बेलाउर गांव के बीच दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक बाइक पर सवार रंजीत जख्मी हो गया था.
वहीं दूसरी बाइक पर सवार उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दर्शन छपरा गांव निवासी सतीश मुसहर का पुत्र सोनू कुमार जख्मी हो गया था. गंभीर रूप से जख्मी रंजीत को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया था.
पटना में इलाज के दौरान गुरुवार को रंजीत ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है. पति की मौत के बाद पत्नी गुड़िया देवी तथा रंजीत की मां कमलावती देवी का रो- रो कर बुरा हाल है. इधर रंजीत के दो बच्चे राजवीर और रिया के सिर से पिता का साया उठ गया. रंजीत की मौत से गांव में मातम है.
