दिनदहाड़े कोइलवर थाना क्षेत्र के कायमनगर बाजार पर अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
अज्ञात के खिलाफ शिक्षक ने दर्ज करायी एफआईआर
आरा/कोइलवर : भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र के कायमनगर बाजार पर शुक्रवार की दोपहर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने एक शिक्षक से 1 लाख 28 हजार रुपया उड़ा दिये. घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी आराम से भाग निकले. जब तक शिक्षक हो- हल्ला मचाते तब तक अपराधी आराम से भाग चुके थे. घटना के बाद शिक्षक ने कोइलवर थाने में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. जानकारी के अनुसार कोइलवर थाना क्षेत्र के कायमनगर बाजार पर स्थानीय निवासी शिक्षक मधुरेंद्र भूषण तिवारी आरा के किसी बैंक से पैसा निकाल ऑटो से कायमनगर आ रहे थे.
इसी बीच कायमनगर बाजार पर जब टेंपो से उतर चालक को पैसा देने लगे. तभी एक बाइक पर सवार दो अपराधी बैग छीनकर कोइलवर की ओर भाग निकले, जिसमें एक लाख 28 हजार रुपये थे. जिसे बैंक से निकाल कर आ रहे थे. घटना के दो घंटे बाद पीड़ित शिक्षक ने इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गयी. शिक्षक मधुरेंद्र भूषण तिवारी ने अज्ञात उचक्कों के खिलाफ कोइलवर थाने में मामला दर्ज कराया है. थानाध्यक्ष पंकज सैनी ने बताया कि कायमनगर बाजार शिक्षक से पैसे छीने जाने की सूचना मिलते ही थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग लगा गश्त बढ़ा दी गयी है. जांच की जा रही है.
