जमकर चलीं लाठियां, बरात की गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले गये
मारपीट में दोनों पक्षों के दर्जनों लोग घायल
दोनों पक्षों की ओर से थाने में दिया गया आवेदन
आरा/तरारी : भोजपुर जिले में तरारी थाना क्षेत्र के बकसंडा गांव में बरात में नाच के दौरान अश्लील गाना बजाने को लेकर दो पक्ष आमने- सामने हो गये, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. इस घटना में बराती और सराती पक्ष के दर्जनों लोग घायल हो गये. घटना के बाद अफरातफरी मच गयी.
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के तेलाढ़ गांव से उमेश राय के पुत्र मुन्ना राय की बरात तरारी थाना क्षेत्र के बकसंडा गांव निवासी उमेश राय के घर आया हुआ था. उमेश राय की पुत्री सबिता की शादी थी. इस बरात में नाच भी आया हुआ था. नाच में अश्लील गाना बजाने को लेकर लोगों ने नर्तकियों पर दबाव बनाया, जिसका विरोध बकसंडा गांव के नागेंद्र यादव ने किया तो बराती पक्ष के लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. देखते- ही- देखते मामला बिगड़ गया और गांव के लोगों ने भी लाठी- डंडे से लैस होकर बरातियों पक्ष के लोगों को पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान लोगों ने बरात पक्ष की गाड़ियों के शीशे भी फोड़ डाले गये.
घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी मच गयी. इस घटना में दोनों पक्ष के लोग जख्मी हो गये. जख्मियों का इलाज अलग- अलग जगहों पर कराया जा रहा है.
हालांकि गंभीर रूप से जख्मी नागेंद्र यादव तथा चंद्रशेखर राय का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी और छानबीन शुरू कर दी.
