आरा : युवाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार युवा आयोग बनायेगी, ताकि आयोग के माध्यम से युवाओं के कार्य को जल्दी से संपन्न कराया जा सके. उक्त बातें लोक जनशक्ति पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने परिसदन में प्रेस वार्ता के दौरान कहीं. उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2019 के चुनाव को लेकर है. केंद्र सरकार की योजनाओं का गांव-गांव तक प्रचार करना है तथा उसका लाभ सभी को दिलाना है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार हर क्षेत्र में सफल हो रही है. गरीबों के लिए, युवाओं के लिए तथा किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलायी जा रही हैं. मोदी सरकार को जनता का समर्थन प्राप्त है. श्री पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए एनडीए के साथ मिलकर योजना बना रही है.
पार्टी को मजबूत करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है तथा कार्यकर्ताओं को हर स्तर तक पार्टी को पहुंचाने के लिए कहा गया है. उन्होंने कहा कि अब बिहार में भी विकास की धारा बहेगी. लोजपा समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति की विकास के लिए ही हर सभव प्रयास कर रही है. पूरे समाज का विकास होगा, तभी देश का विकास होगा. उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा केंद्र की योजनाओं का लाभ उन सभी लोगों को मिल सके, जिनके लिए योजनाएं चलायी जा रही हैं. इसके लिए अभियान चलाया जायेगा. इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनील पांडेय, पूर्व विधान पार्षद हुलास पांडेय, लोजपा जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष मिथिलेश कुशवाहा, जदयू जिलाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, राजेंद्र तिवारी, यदुनाथ चंद्रवंशी, कुंदन सिंह, रवींद्र सिंह, बनारसी प्रसाद आजाद, संजू पासवान सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
