आक्रोश . मवेशी लदे ट्रक को पुलिस ने पकड़ा, ग्रामीणों ने किया विरोध
थानेदार सहित कई लोग घायल
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
जगदीशपुर से पशु लादकर ले जाया जा रहा था कानपुर
आरा/जगदीशपुर : जिले के जगदीशपुर अनुमंडल मुख्यालय के समीप वार्ड नं पांच स्थित महादलित टोली से पुलिस ने मवेशी से लदे एक ट्रक को जब्त करने गयी पुलिस पर महिलाओं व ग्रामीणों ने रोड़ेबाजी कर दी, जिसमें थानेदार सहित कई पुलिस कर्मी घायल हो गये. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी. इसमें कई ग्रामीण भी घायल हो गये. पुलिस ने तस्करों के चंगुल से 10 भैंस, 3 बछड़ा व एक भैंस के बच्चे को पुलिस ने बरामद कर लिया.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार बीत चार दिनों से लगातार पुलिस को सूचना मिल रही थी कि जगदीशपुर अनुमंडल मुख्यालय तथा प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित महादलित टोली में बड़े पैमाने पर पशुओं की तस्करी की जा रही है. यहां से कानपुर सहित देश के अन्य हिस्सों में पशुओं को भेजा जा रहा है. इसी सूचना के आधार पर मंगलवार की सुबह चार बजे थानाप्रभारी बैजनाथ चौधरी व प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर कुमार पुलिस बल के साथ छापेमारी करने पहुंचे. पुलिस को देखते ही पशु तस्कर वहां से भाग निकले, लेकिन चालक विश्वनाथ जो उत्तर प्रदेश फतेहपुर थाने के स्कुरी खुर्द गांव निवासी बताया जाता है. उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. जब्त ट्रक भी उत्तर प्रदेश का है. ड्राइवर से पुलिस पूछताछ कर रही है. गिरफ्तारी के बाद से पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया. इसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा.
बिगड़ती स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस को बुलानी पड़ी. इसके बाद हालात काबू में हो पाया.
