लापरवाही. ट्रांसफॉर्मर बदलते समय बिना ओके रिपोर्ट दिये दे दी लाइन
आरा/बड़हरा : बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आने से जहां एक व्यक्ति की मौत हो गयी, वहीं मृतक के भाई समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गये. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के घेंघटा गांव में ट्रांसफॉर्मर लगाने के दौरान शनिवार की देर शाम हादसा हुआ. घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया और हंगामा किया. करेंट की चपेट में आने से जख्मी लोगों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. मृतक कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के गलचउर गांव निवासी भूखन साह का पुत्र पिंटू कुमार बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार घेंघटा गांव में ट्रांसफॉर्मर बदलने का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक करेंट आ गया और विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से चार लोग जख्मी हो गये, जिनमें एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद अफरातफरी मच गयी.
स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित लोगों ने आरा-सरैंया मुख्य मार्ग को सरैंया के समीप जाम कर दिया. आक्रोशित लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. साथ ही इस घटना को लेकर विद्युत विभाग के कर्मचारियों को दोषी ठहरा रहे थे. ग्रामीणों के द्वारा टायर जला कर आगजनी भी की गयी. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस तथा कृष्णागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा बुझा रही थी. मौके पर दो थानाें की पुलिस के साथ बीडीओ व सीओ भी पहुंचे हुए थे.
अचानक आ गयी लाइन, तो हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार की देर शाम ट्रांसफॉर्मर बदलने के दौरान अचानक लाइन आने से हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि सट डाउन लेकर ट्रांसफॉर्मर बदला जा रहा था. इसी दौरान अचानक बिजली की सप्लाई बगैर ओके रिपोर्ट दिये ही दे दी गयी जिसकी वजह से बड़ा हादसा हो गया. जब तक मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते एक की जान जा चुकी थी और पांच लोग तड़प रहे थे.
इन लोगों की हालत है नाजुक
रमेश कुमार, गांवगलचउर
सुरेंद्र कुमार, गांवगलचउर
संतोष कुमार, गांवफरना
ओमप्रकाश, गांवफरना
