दुखद. एक साल पहले हुई थी शादी, दोनों ने जहर खा इहलीला की समाप्त
आरा/उदवंतनगर : जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव में शुक्रवार की देर रात पति- पत्नी ने जहर खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गयी. पूरे परिवार में कोहराम मच गया. तत्काल इसकी सूचना उदवंतनगर थाने को दी गयी. मौके पर पहुंची उदवंतनगर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. दोनों की मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल नहीं पायी है.
मृतक बेलाउर गांव निवासी उमेश पंडित के पुत्र राहुल पंडित तथा उनकी पत्नी रानी देवी बतायी जाती है.
बताया जा रहा है कि राहुल पंडित एक माह पहले बेंगलुरू से अपने घर आया था. उस समय से अपने गांव पर ही रहता था. एक- दो दिन के बाद वह बेंगलुरू जानेवाला था. शुक्रवार की देर रात दोनों सपरिवार के साथ खाना खाकर आराम से घर में सोये. सुबह जब परिजनों ने दरवाजा बंद देखा, तो आवाज लगायी. जब दरवाजा नहीं खुला, तब परिजनों ने किसी तरीके से दरवाजा खोल कर देखा, तो दोनों बेड पर ही पड़े थे. घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पायी है.
इस मामले में परिजन कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही रानी के मायकेवाले भी पहुंच गये और शव के साथ लिपट कर रोने लगे. राहुल के पिता उमेश पंडित ने बताया कि एक साल पहले बेटे की शादी संदेश थाना क्षेत्र के फुलाड़ी गांव में भगत पंडित की पुत्री रानी से हुई थी. शादी के बाद से सब कुछ ठीक चल रहा था. अचानक शुक्रवार की देर रात हुई घटना ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया.
इस संबंध में उदवंतनगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि जहर खाने से दोनों की मौत हुई है. घटना का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला का खुलासा हो पायेगा. इस घटना से हर कोई गमजदा था.
