पारिवारिक विवाद को लेकर बड़े भाई के साथ कर रहा था मारपीट
आरा/जगदीशपुर : शराब पीकर हंगामा करना सेना के एक ब्रिगेडियर को महंगा पड़ गया. पारिवारिक विवाद को लेकर अपने बड़े भाई के साथ मारपीट कर रहा था. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. घटना जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के दलीपपुर गांव की है. जानकारी के अनुसार पकड़ा गया सेना का ब्रिगेडियर धनुष भंजन पाठक बताया जाता है जो स्व वंशीधर पाठक का पुत्र है.
बताया जा रहा है कि ब्रिगेडियर भारतीय सेना में असम के डिब्रूगढ़ के झाबुबा में पोस्टेड है. शुक्रवार को वह अपने गांव आया था और शनिवार को वह अपने बड़े भाई चितरंजन पाठक के साथ शराब पीकर मारपीट कर रहा था. इसी क्रम में बड़े भाई के द्वारा सूचना धनगाई थाने को दी गयी. मौके पर पहुंची धनगाई थाना पुलिस ने ब्रिगेडियर धनुष भंजन पाठक को हिरासत में ले लिया. हिरासत में लेने के बाद उसकी मेडिकल जांच करायी गयी. शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया.
जानकारी के अनुसार ब्रिगेडियर के पिता दिल्ली में प्रोफेसर थे. ब्रिगेडियर तीन भाई हैं. बड़े भाई चितरंजन पाठक गांव पर ही रहते है. शुक्रवार को ब्रिगेडियर अपने गांव आया हुआ था और जमीन के कुछ विवाद को लेकर अपने बड़े भाई और भाभी के साथ मारपीट कर रहा था, तभी पुलिस ने ब्रिगेडियर को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया. इस संबंध में जगदीशपुर एसडीपीओ सह एएसपी दयाशंकर ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित सेना में ब्रिगेडियर है. शुक्रवार को शराब के नशे में धुत होकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर रहा था. उसी दौरान सूचना पाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
पकड़े जाने के बाद पुलिस पर झाड़ रहा था रोब : शराब के नशे में धुत ब्रिगेडियर को पुलिस जब गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार भी किया. साथ ही सेना का रोब दिखा रहा था.
हालांकि पुलिस बल के जवानों ने ब्रिगेडियर को अपने कब्जे में ले लिया. बार- बार वह पुलिस से उलझ जा रहा था. हालांकि सेना के ब्रिगेडियर होने के कारण पुलिसवाले भी सम्मान कर रहे थे.
