मेयर व डिप्टी मेयर के लिए जोर-आजमाइश
नपं में भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का फैसला
चुनाव को ले प्रशासनिक तैयारियां पूरी
आरा/पीरो : नगर सरकार का किसके सिर ताज होगा, इसका फैसला शुक्रवार को होगा. नगर निगम के मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए जोर-आजमाइश होगी तो नपं में भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की कुरसी का भी फैसला होगा. इसके लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गये हैं.
इधर मेयर और डिप्टी मेयर के लिए दावेदारों ने भी गोलबंदी पूरी कर ली है. कृषि भवन के सभागार में मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव की कार्रवाई पूरी की जायेगी. नगर निगम में कुल 45 वार्ड हैं जिसमें से एक पर चुनाव नहीं हुआ है. मतदान में 44 पार्षद हिस्सा लेंगे. चुनाव की माॅनीटरिंग जिलाधिकारी डॉ बिरेंद्र प्रसाद यादव व चुनाव अधिकारी सह अपर समाहर्ता सुरेंद्र प्रसाद करेंगे. वहीं नगर पंचायत पीरो के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए तैयारी पूरी कर ली गयी है. वैसे इस ताज को हथियाने के लिए पिछले एक पखवारे से अलग-अलग गुटों द्वारा कवायद की जा रही है, लेकिन इसको लेकर अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
17 सदस्यीय पीरो नगर पंचायत में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पदों पर कब्जे के लिए 9 वार्ड पार्षदों के समर्थन की आवश्यकता है. इस जादुई आंकड़े को हासिल करने के लिए एक पक्ष के मीरा देवी व दूसरे गुट के हदीसन खातून द्वारा जोर अाजमाइश की जा रहा है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की दावेदारी पुख्ता नहीं मानी जा रही है.
वैसे दोनों पक्षों की ओर से जादुई आंकड़ा पा लेने का दावा किया जा रहा है. अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार की देखरेख में कराया जायेगा इसके लिए शुक्रवार को सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों को अनुमंडल कार्यालय में उपस्थित होने के लिए पत्र जारी किया गया है. अब देखना यह है कि नगर पंचायत के अध्यक्ष का ताज किसके सिर पर सजेगा. इसके अलावा बिहियां, कोइलवर, जगदीशपुर व शाहपुर में भी नगर पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गयी है.
