गरमी से राहत . बारिश से बिगड़ी शहर की सूरत, खुली सफाई व्यवस्था की पोल
आरा : सुबह से ही हो रहे रुक – रुक कर झमाझम बारिश से मौसम काफी सुहाना हो गया. लोगों ने गरमी से राहत की सांस ली. लगभग सुबह आठ बजे से शुरू होकर दिन के 10 बजे तक बारिश होती रही. इस कारण मौसम में काफी नमी आ गयी. ठंडक के कारण लोगों में काफी उत्साह का माहौल दिखा. वहीं दूसरी तरफ पानी के कारण नगर की सूरत बिगड़ गयी. सभी नालियां पानी के कारण जाम हो गयीं तथा सड़कों पर पानी बहने लगा. नगर का लगभग हर सड़क पानी में डूब गया है.
इस कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई. पानी के कारण नगर की बिगड़ी सूरत ने निगम द्वारा की गयी सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी. हर जगह नालियां जाम होकर पानी- ही- पानी दिखायी दे रहा था. वाहन चालकों को तो परेशानी हो ही रही थी. पैदल यात्रियों को नाले की गंदे पानी में चलने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था.
इन सड़कों पर पसर गया था पानी : शहर के चंदवा मोड़, अवधपुरी, पकड़ी, स्टेशन रोड, कतीरा, शिवगंज, मौलबाग, सब्जी मंडी, जेल रोड, आरण्य देवी मोड़, करमन टोला, रामगढ़िया सहित कई सड़कों पर पानी का जमाव हो गया था.
