भागलपुर. नाथनगर के कजरैली थाना क्षेत्र के छोटी गोड्डी गांव में बीमारी से मानसिक रूप से परेशान एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. मृतक सुरेंद्र चौधरी का पुत्र रवि कुमार है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. गंभीर हालत में उसे तत्काल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) मायागंज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर बरारी कैंप थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया. दो माह से बुखार से था परेशान परिजनों ने बताया कि रवि कुमार पिछले करीब दो माह से लगातार बुखार से पीड़ित था. शुरुआत में उसका स्थानीय स्तर पर कई चिकित्सकों से इलाज कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. इसके बाद उसे बेहतर चिकित्सक के यहां दिखाया गया. बीमारी की जानकारी मिलने के बाद रवि काफी चिंतित रहने लगा था. उसे यह डर सताने लगा था कि वह अब ठीक नहीं हो पाएगा. परिजनों ने उसे लगातार समझाने, हिम्मत बढ़ाने और इलाज से बीमारी ठीक होने का भरोसा दिलाने की कोशिश की, लेकिन वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था. परिजनों के बाहर रहने के दौरान हुई घटना रविवार की शाम घर के अधिकांश सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे, जबकि उसकी मां पड़ोस में गई थीं. इसी दौरान रवि अपने कमरे में गया और घर की खपरैल की बल्ली में घरेलू रस्सी का फंदा लगाकर झूल गया. कुछ देर बाद जब परिजन लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद झांककर देखा गया तो रवि फंदे से लटका हुआ था. परिजनों ने तत्काल दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा. परिजनों के अनुसार उस समय उसकी सांसें चल रही थीं. आनन-फानन में उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज पहुंचाया गया, जहां इलाज के क्रम में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. तीन भाइयों में सबसे छोटा था रवि, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ रवि कुमार अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है. बरारी कैंप थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है. परिजनों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही बीमारी और उससे उपजे मानसिक तनाव के कारण रवि काफी परेशान रहने लगा था.
बीमारी से परेशान युवक ने फंदे से लटककर दी जान, इलाज के दौरान हुई मौत
भागलपुर के नाथनगर में टीबी की बीमारी से मानसिक रूप से परेशान एक युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।

युवक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network