बिहपुर लत्तीपुर पंचायत वार्ड 12 में बुधवार सुबह अभिषेक कुमार(22) का शव उसके घर से लगभग 100 मीटर दूर उसके बासा पर एक अमरूद के पेड़ से लटका मिला. अभिषेक दिलीप यादव का छोटा बेटा था. अभिषेक रात में घर पर सोया हुआ था. सुबह चार बजे वह अपने बासा पर मवेशियों को चारा देने गया था. सुबह करीब साढ़े सात बजे पास-पड़ोस के एक 12 साल के बच्चे ने अमरूद के पेड़ से उसका शव लटका देखा और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा. जानकारी मिलते ही बिहपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी संतोष कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जतायी है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस अमरूद के पेड़ से शव लटका मिला, उसकी डाल काफी पतली है. कोई व्यक्ति उस पर फांसी लगाता, तो डाल झुक कर टूट जाती. लोगों का आरोप है कि अभिषेक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो. अभिषेक पशुचारा की दुकान चलाता था. घटना के बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है, जिससे संदेह और गहरा गया है. पिता दिलीप यादव का आपराधिक इतिहास रहा है. तीन वर्ष पूर्व कोसी गरैया बहियार में एक युवक की हत्या के मामले में पिता-पुत्र के विरुद्ध नदी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. लत्तीपुर चौक पर फायरिंग में भी उनका नाम सामने आया था. पिता हाल ही में न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था और उसे स्थानीय स्तर पर एक आपराधिक गिरोह से जुड़ा बताया जाता है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. गांव में तनाव व दहशत का माहौल है.
Bhagalpur news अमरूद के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
बिहपुर लत्तीपुर पंचायत वार्ड 12 में बुधवार सुबह अभिषेक कुमार(22) का शव उसके घर से लगभग 100 मीटर दूर उसके बासा पर एक अमरूद के पेड़ से लटका मिला.

Bhagalpur news अमरूद के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका