Bhagalpur news गंगा ब्रिज : वेलकैप तोड़ कर नये सिरे से काम शुरू

सुलतानगंज-अगुवानी फोरलेन गंगा ब्रिज, अब नये चरण में प्रवेश कर गया है. तकनीकी खामियों की पहचान के बाद कंपनी ने पाया संख्या 10, 11 और 12 के वेलकैप को काटकर दोबारा बनाने का निर्णय लिया है.

सुलतानगंज-अगुवानी फोरलेन गंगा ब्रिज, अब नये चरण में प्रवेश कर गया है. तकनीकी खामियों की पहचान के बाद कंपनी ने पाया संख्या 10, 11 और 12 के वेलकैप को काटकर दोबारा बनाने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही निर्माण को रफ्तार देने के लिए तकनीक के साथ आस्था का सहारा भी लिया जा रहा है. परियोजना परिसर में चंडी पाठ और विशेष अनुष्ठान जारी है.

‘री-वर्क’ से रफ्तार: जून तक दो पिलर खड़ा करने का लक्ष्य

प्रोजेक्ट मैनेजर रविशंकर सिंह के मुताबिक, इस सीजन जून अंत तक कम से कम दो पिलर खड़े करने का लक्ष्य तय किया गया है. नए डिजाइन के तहत मध्य हिस्से में तीन अतिरिक्त पिलर भी प्रस्तावित हैं, जिससे संरचना की मजबूती और प्रगति दोनों में सुधार होगा.

सिमरिया बना बेंचमार्क, यहां ‘कहीं न कहीं चूक’

कंपनी का कहना है कि सिमरिया पुल निर्माण में ऐसी अड़चनें नहीं आयीं, जबकि यहां बार-बार बाधाएं सामने आयी. “तकनीकी कारणों की जांच हो रही है, पर काम रुकना नहीं चाहिए,” इस सोच के साथ टीम अब सुधारात्मक कदमों के साथ आगे बढ़ रही है. भगवान के सहारे है. बीते दिनों बाबा अजगैबीनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक और गंगा तट पर भव्य महाआरती के बाद अब पांच दिवसीय चंडी पाठ कराया जा रहा है. बनारस से आये सात पंडितों की टीम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान कर रही है. सुलतानगंज का गंगा ब्रिज अब ‘आस्था और इंजीनियरिंग’ के संगम पर खड़ा है, रीडिजाइन, रिवर्क और विश्वास की यह तिकड़ी क्या डेडलाइन तक मंजिल दिला पायेगी, इसी पर सबकी निगाहें टिकी हैं.

वास्तु दोष निवारण और विश्वकर्मा की आराधना

आचार्य विनोद कुमार तिवारी के अनुसार, पाया संख्या 5, 10 और 11 पर संभावित ‘वास्तु दोष’ को दूर करने के लिए विशेष पूजा, नवग्रह शांति और भगवान विश्वकर्मा की आराधना की जा रही है. गंगा पूजन के साथ ‘विघ्न-निवारण’ के उपाय किये जा रहे हैं, ताकि कार्य में निरंतरता बनी रहे. प्रबंधन का दावा है कि रीडिजाइन, रिवर्क और संसाधनों के पुनर्संयोजन से अब काम गुणवत्ता के साथ तेजी से आगे बढ़ेगा. आचार्य विनोद कुमार तिवारी ने कहा कि “भगवान पर आस्था और विश्वास से ही हर कार्य पूर्ण होता है. भगवती और भगवान विश्वकर्मा की कृपा से यह पुल अवश्य पूरा होगा.

मई तक पहुंच पथ पूरा करने का निर्देश

सुल्तानगंज-अगुवानी घाट पुल परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को गंगा नदी पर बन रहे दो गुणा दो लेन पुल और उससे जुड़े पहुंच पथ के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के लिए संसाधनों में तत्काल वृद्धि का निर्देश दिया. समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बीते कुछ समय में पहुंच पथ निर्माण में तेजी आयी है. हालांकि मई 2026 तक लक्ष्य हासिल करने के लिए मशीनरी और मानव संसाधन बढ़ाने की जरूरत है. पसराहा रेलवे ओवर ब्रिज के संबंध में जानकारी दी गयी कि सीएसआइआर से डिजाइन और ड्राइंग का अनुमोदन 10 अप्रैल को मिल चुका है. मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि मई 2026 की समय-सीमा अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसे ध्यान में रखते हुए संवेदक को निर्माण कार्य में लगे संसाधनों और श्रमिकों की संख्या तुरंत बढ़ाने का निर्देश दिया गया. बैठक में यह भी सामने आया कि इडीबी -3 (पी13 से पी16) खंड के लिए सेफ्टी ऑडिट और इंटीग्रिटी टेस्ट रिपोर्ट अब भी लंबित है. इस पर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताते हुए संवेदक को अविलंब रिपोर्ट समर्पित करने का आदेश दिया. पसराहा इंटरचेंज को लेकर भी समीक्षा की गयी. मुख्य सचिव ने कहा कि पुनरीक्षित प्रस्ताव पर अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए बेगूसराय पीआइयू के साथ समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाये. रेलवे व स्थानीय इकाइयों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें. लंबित मामलों का समय पर निस्तारण हो.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >