Bhagalpur News : सर्विस रोड की मांग को लेकर कोदवार में ग्रामीणों ने रोका फोरलेन निर्माण

सर्विस रोड की मांग को लेकर कोदवार में ग्रामीणों ने रोका फोरलेन निर्माण

= चैनल नंबर 149-500 के पास सर्विस रोड की मांग कर रहे ग्रामीण

प्रतिनिधि, घोघा

घोघा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदवार में शुक्रवार को ग्रामीणों ने फोरलेन निर्माण कार्य को रोक दिया. ग्रामीणों की प्रमुख मांग रही कि चैनल नंबर 149-500 के पास सर्विस रोड का निर्माण किया जाए. इससे कोदवार समेत आसपास के गांवों के लोग आसानी से फोरलेन सड़क तक पहुंच सकेंगे. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से वे इस मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं. निर्माण कंपनी की ओर से समय-समय पर उन्हें आश्वासन तो मिलता रहा लेकिन सर्विस रोड की चिह्नित जगहों को ब्लॉक कर फोरलेन कार्य आगे बढ़ाने से लोगों में गहरी नाराजगी है.

शुक्रवार सुबह 10 बजे बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण धरना पर बैठ गये और निर्माण कार्य पूरी तरह ठप कर दिया.

सर्विस रोड नहीं बनने से करीब पांच किमी अतिरिक्त दूरी तय करना होगा

प्रदर्शनकारियों ने कच्ची निर्माणाधीन सड़क को जाम कर दिया और निर्माण सामग्री ले जाने वाले कंपनी के सभी संसाधनों को रोक दिया. ग्रामीणों का कहना है कि यदि सर्विस रोड नहीं बनायी गयी, तो उन्हें फोरलेन तक पहुंचने के लिए करीब पांच किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी. ग्रामीणों ने बताया कि कोदवार, उदयरामपुर, महदेवापुर, गोपालपुर, आदर्श नगर, फुलकिया, घोघा, जानीडीह, प्रशस्तडीह, सीमरो और सालपुर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों की आबादी को सीधे तौर पर सर्विस रोड का लाभ मिलेगा. ऐसे में बिना सर्विस रोड के फोरलेन निर्माण से आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा.

शाम में थानाध्यक्ष ने किसी तरह लोगों को सड़क पर से हटाया

सूचना मिलते ही निर्माण कंपनी के पदाधिकारी, घोघा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे. ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक सर्विस रोड का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे. घोघा थाना प्रभारी अजीत कुमार के द्वारा शाम पांच बजे जाम हटाया गया. ग्रामीणों का आंदोलन स्थानीय जनजीवन और निर्माण कार्य दोनों पर असर डाल रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJIV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >