bhagalpur news. विक्रमशिला सेतु पर 18 घंटे से जाम, कई आवश्यक सेवा और बारात वाहन जाम में फंसे

विक्रमशिला सेतु पर पिछले 18 घंटे से भीषण जाम है. लोगों को पुल पार करने में दो से तीन घंटे का समय लग रहा है

विक्रमशिला सेतु पर पिछले 18 घंटे से भीषण जाम है. लोगों को पुल पार करने में दो से तीन घंटे का समय लग रहा है. मंगलवार देर रात नवगछिया सीमा क्षेत्र में वाहन खराब हो जाने के बाद जाम लगा था. सुबह 11 बजे तक बड़ी संख्या में पुलिस बलों ने सेतु को जाम मुक्त कराया था, लेकिन फिर पीलर संख्या 107 के पास एक वाहन के पंचर हो जाने के बाद सेतु जाम की जद में चला गया. इस बीच पूरे सेतु पर पांच से छह जगहों पर वाहन खराब हो गये. जिससे सेतु पर आवागमन प्रभावित हो गया. बुधवार की देर रात भी सेतु पर वाहन रैंग रहे थे. भागलपुर से नवगछिया की ओर बढ़ते ही सेतु पर वाहन चालकों को भयानक जाम का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, ट्रैफिक पुलिस द्वारा खराब या पंचर हुए वाहनों को देर रात तक हटा दिया था, लेकिन वाहनों की बड़ी आवाजाही के कारण सेतु पर जाम की स्थिति बनी थी. कई दूल्हे और बारातियों के वाहन जाम में फंसे दिखे. कई आपातकालीन वाहन भी घंटों फंसे रहे. एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जाम का असर सेतु से जुड़े सभी संपर्क मार्गों पर पड़ा. सबौर जाने वाली सड़क पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गयी. बायपास मार्ग पर भी दबाव बढ़ गया, जिससे वहां भी रेंग-रेंग कर वाहन चलते रहे. यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई लोग वाहन छोड़ पैदल ही निकलने को मजबूर हो गए. स्थिति यह रही कि भागलपुर जीरो माइल से नवगछिया के जाह्नवी चौक तक कई लोगों ने पैदल सफर तय किया. लगातार दो बार जाम लगने से आमजन में नाराजगी देखी गई. लोगों ने सेतु पर यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके. ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि जाम का एक कारण ओवरटेकिंग भी है. पुलिस ने बुधवार को सेतु पर ओवर टेकिंग करने वाले पांच से अधिक वाहनों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार, विक्रमशिला सेतु टीपीओ प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस बलों की टीम सेतु पर आवागमन पूर्ववत करने में लगी हुई थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

ATUL KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >