भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट
Vikramshila Bridge: विक्रमशिला सेतु पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने फ्लेक्सिबल डिवाइडर लगाने की पहल शुरू कर दी है. फिलहाल नवगछिया छोर से डिवाइडर लगाने का काम शुरू किया गया है. योजना के तहत पूरे सेतु पर फ्लेक्सिबल डिवाइडर लगाए जाएंगे, ताकि वाहनों का परिचालन निर्धारित लेन में सुनिश्चित किया जा सके और जाम की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके.
रस्सी की जगह अब लगेंगे फ्लेक्सिबल डिवाइडर
ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि पहले सेतु पर लेन व्यवस्था बनाए रखने के लिए रस्सी का इस्तेमाल किया जाता था. लेकिन कई बार मोटरसाइकिल चालक रस्सी के नीचे से निकलकर दूसरी लेन में प्रवेश कर जाते थे और ओवरटेक करने की कोशिश करते थे. इससे न केवल यातायात बाधित होता था, बल्कि कई बार लंबा जाम भी लग जाता था.
उन्होंने कहा कि फ्लेक्सिबल डिवाइडर लगने के बाद इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी. इससे वाहन चालक निर्धारित लेन में चलेंगे और सेतु पर यातायात अधिक व्यवस्थित रहेगा.
पटना: पटना: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर मंत्री लेशी सिंह का बयान
बाइक चालकों ने उठाया भेदभाव का मुद्दा
वहीं, सेतु से गुजरने वाले कई मोटरसाइकिल चालकों ने प्रशासन के सामने एक अन्य समस्या भी उठाई है. यात्रियों का कहना है कि भागलपुर से नवगछिया जाने वाले बाइक चालकों को आमतौर पर नहीं रोका जाता, जबकि नवगछिया से भागलपुर आने वाले बाइक चालकों को कई बार 15 से 20 मिनट तक रोक दिया जाता है.
यात्रियों के अनुसार इस व्यवस्था के कारण एक ओर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है. उनका कहना है कि दोनों ओर समान नियम लागू होने से यातायात अधिक सुचारू हो सकता है.
Vikramshila Bridge: यातायात प्रबंधन के लिए बढ़ेगा मानव बल
ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने कहा कि वाहन चालकों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और इसकी समीक्षा की जाएगी. उन्होंने बताया कि विक्रमशिला सेतु पर यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त मानव बल की तैनाती की योजना भी बनाई जा रही है.
अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती से वाहनों के परिचालन को अधिक प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा. अधिकारियों को उम्मीद है कि फ्लेक्सिबल डिवाइडर और अतिरिक्त मानव बल की मदद से विक्रमशिला सेतु पर जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और लोगों को सुरक्षित व निर्बाध यात्रा का लाभ मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार बुलेट ट्रेन पर बड़ा अपडेट, पटना से दिल्ली सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट में, सिलीगुड़ी तक विस्तार की तैयारी
