भागलपुर से संजीव झा की रिपोर्ट :
भागलपुर के पुलिस लाइन के पास बुधवार को अचानक एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया. घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी बिना वक्त गंवाये खुद राहत और बचाव कार्य का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंच गये. हादसे में घायल महिला को डीएम ने अस्पताल भिजवाया. उनकी इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है.घायल महिला को तुरंत भेजा अस्पताल
हादसे के वक्त पेड़ की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से चोटिल हो गयी. मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी ने स्थिति को देखते हुए तुरंत एम्बुलेंस का प्रबंध किया और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भिजवाया. पेड़ की भारी-भरकम टहनियों की जद में आने से सड़क पर खड़ा एक टोटो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
आवागमन बाधित, साफ करायी गयी सड़क
पेड़ गिरने के कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था. जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा और वन विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके पर तलब किया. अधिकारियों की देखरेख में गिरे हुए पेड़ और उसकी टहनियों को काटकर हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कराया गया. जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाये और शहर की सड़कों पर आमजनों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित हो.बोले जिलाधिकारी
जैसे ही पेड़ गिरने की सूचना मिली, प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया. घायल महिला का इलाज हमारी प्राथमिकता है. अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं कि सड़क को जल्द से जल्द साफ कर यातायात बहाल किया जाए.
– डॉ नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी, भागलपुर